बिजनौर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की बड़ी पहल, 100% डिजिटाइजेशन करने वाले 11 बीएलओ सम्मानित

लखनऊ : बिजनौर जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 का कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 11 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सम्मानित किया। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने, उन्हें भरवाकर वापस लेने और उसके बाद 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने में सर्वश्रेष्ठ पाए गए। उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें मोबाइल फोन और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान दिया गया।
बिजनौर जिले की 8 विधानसभाओं में कुल 27 लाख 50 हजार 319 मतदाता हैं। यहां 1,643 मतदान केंद्रों के 2,980 मतदेय स्थलों पर बीएलओ द्वारा गणना पत्रक वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। अभी तक 43 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि बीएलओ को प्रोत्साहन देने और अच्छी कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के लिए यह सम्मान दिया गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि गणना प्रपत्र भरने में आने वाली किसी भी समस्या का समाधान बीएलओ तुरंत करें। साथ ही मतदाताओं से अपील की कि वे अधिकतम जानकारी भरकर अपने प्रपत्र समय पर जमा करें ताकि निर्वाचन सूची का कार्य समय से पूरा हो सके।




