राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ का 32वां वार्षिक अधिवेशन संपन्न

गया जी : गया–पटना रोड स्थित निजी रिजॉर्ट में रविवार को राष्ट्रीय डाक कर्मचारी गया प्रमंडल संघ, गया डिवीजन का 32वां वार्षिक अधिवेशन का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने द्वीप प्रज्वलित कर किया।
इस अधिवेशन में पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रवर डाक अधीक्षक अंशुमन भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में सभी मुख्य अतिथियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अधिवेशन के दौरान बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सेवानिवृत्त हुए दर्जनों डाक कर्मचारियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारत बदल रहा है, बिहार बदल रहा है और देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग ने देश के सामाजिक और आर्थिक विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। गांव-गांव और टोला-टोला तक पहुंचने वाली डाक सेवा विश्वास, समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी डाक कर्मचारियों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने माना कि डाक कर्मचारियों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वे ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। देश और राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में डाक कर्मचारियों की अहम भूमिका है।
अधिवेशन में डाक कर्मचारी संघ के प्रमंडल के सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन की एकजुटता और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।




