बिहार-झारखण्‍ड

बिहार की महिलाओं पर कथित टिप्पणी को लेकर परिवाद दायर

बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिले के बेतिया व्यवहार न्यायालय में सोमवार को उत्तराखंड के सोमेश्वर से विधायक एवं राज्य सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारीलाल साहू के खिलाफ एक परिवाद दायर किया गया। यह परिवाद बेतिया निवासी संतोष गुप्ता द्वारा बिहार की महिलाओं को लेकर की गई कथित अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में दायर किया गया है।

परिवाद में कहा गया है कि कुछ दिन पूर्व गिरधारीलाल साहू ने सोशल मीडिया पर बिहार की महिलाओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जो बाद में समाचार पत्रों और टीवी चैनलों के माध्यम से भी प्रसारित हुई। आरोप है कि इस बयान से महिलाओं की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची है।

इस मामले को लेकर महिला विकास मंच की जिलाध्यक्ष रिंकी शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गिरधारीलाल साहू द्वारा महिलाओं की लज्जा भंग करने वाली टिप्पणी की गई है, जो निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि संबंधित व्यक्ति बिहार आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और अपने बयान पर स्पष्टीकरण दें।

वहीं, परिवादकर्ता संतोष गुप्ता ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल बिहार की महिलाओं का अपमान हैं, बल्कि पूरे राज्य की सामाजिक छवि को भी आघात पहुंचाती हैं। उन्होंने न्यायालय से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button