मध्यप्रदेश

खेल, संस्कार और सौहार्द का उत्सव: अखिल भारतीय गोल्ड कप में कश्मीर की दमदार जीत, तमिलनाडु–नागपुर का मुकाबला रोमांचक ड्रॉ

यह टूर्नामेंट स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच बनेगा।”कमलेश शर्मा

धनपुरी | प्रदेश का गौरव (मोहम्मद असलम, बाबा)
नगर पालिका परिषद धनपुरी के तत्वावधान में सुभाष स्टेडियम क्रमांक–3 में आयोजित अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट इन दिनों खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का जीवंत उदाहरण बनकर उभर रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से आई नामी फुटबॉल टीमें मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही हैं, वहीं प्रतिदिन बड़ी संख्या में खेल प्रेमी स्टेडियम पहुँचकर इस खेल महाकुंभ के साक्षी बन रहे हैं।
कोहरे की चादर में लिपटा मैदान, खिलाड़ियों के जोश ने रचा इतिहास
3 जनवरी को खेले गए मुकाबलों के दौरान घने कोहरे ने पूरे मैदान को अपनी आगोश में ले रखा था। सूर्य की किरणें भी कोहरे को चीरने में संघर्ष करती रहीं, किंतु खिलाड़ियों के उत्साह और जुझारूपन के आगे मौसम की बाधा भी फीकी पड़ गई। दिनभर कोहरे और सूर्य के बीच द्वंद्व चलता रहा, पर खेल की गति और रोमांच में कोई कमी नहीं आई।
पहला मुकाबला: कश्मीर का शानदार पलटवार, चर्चा पर 4–0 की निर्णायक जीत
दिन का पहला मुकाबला जम्मू-कश्मीर एसटीएफसी और न्यू स्पोर्टिंग सॉकर क्लब चर्चा के बीच खेला गया। पहले हाफ में चर्चा टीम का दबदबा रहा, किंतु मध्यांतर के बाद कश्मीर की टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए ताबड़तोड़ हमले किए और मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। परिणामस्वरूप चर्चा की टीम को 4–0 से पराजय का सामना करना पड़ा।
इस मुकाबले में
मुख्य रेफरी: शाहरुख खान (टीकमगढ़)
एआर–1: गौरव पांचे
एआर–2: राजपुरी (धनपुरी)
फोर्थ ऑफिशियल: नितेश मरावी (सिवनी)
रहे, जबकि मैच कमिश्नर की भूमिका नीरज शर्मा ने निभाई।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
पहले मैच के अवसर पर हिंद मजदूर सभा के प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही। एरिया जेसीसी मेंबर शिवनारायण मिश्रा, आईआर प्रभारी बाबूलाल त्रिपाठी, अमित सिंह, मनोज द्विवेदी, प्रभुनाथ पांडे, गौरव भूरिया सहित नगर पालिका अध्यक्षा रविंद्र कौर छाबड़ा, पूर्व अध्यक्षा विनीता जयसवाल, सभापति श्री आनंद कचेर, नेता प्रतिपक्ष शोभाराम पटेल, श्री अजय सिंह बघेल महामंत्री (इंटक) श्री अमरजीत सिंह महामंत्री (इंटक)  एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
अपने उद्बोधन में श्री शिवनारायण मिश्रा ने टूर्नामेंट की सराहना करते हुए कहा कि “धनपुरी के हृदय स्थल पर स्थित यह स्टेडियम आज राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल का केंद्र बन गया है।” उन्होंने कॉमेंटेटर अजय द्विवेदी की जीवंत कमेंट्री की भी प्रशंसा की। अतिथियों का स्वागत बैज अलंकरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मंच संचालन पीयूष द्विवेदी द्वारा किया गया।
दूसरा मुकाबला: संघर्षपूर्ण खेल, तमिलनाडु–नागपुर 0–0 से बराबरी पर
दिन का दूसरा मुकाबला तमिलनाडु पुलिस, चेन्नई और साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे मुख्यालय, नागपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, कई शानदार मूव बने, किंतु गोल नहीं हो सका। अंततः मुकाबला 0–0 की बराबरी पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।
मुख्य अतिथि का प्रेरक संदेश
दूसरे मैच के मुख्य अतिथि इंटक के प्रदेश अध्यक्ष एवं कंपनी सुरक्षा बोर्ड सदस्य कमलेश शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री अजय सिंह बघेल, मोहम्मद रईस (डिप्टी डायरेक्टर स्पोर्ट्स, शहडोल) उपस्थित रहे।
श्री कमलेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “यह टूर्नामेंट स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच बनेगा।” उन्होंने नगर पालिका परिषद धनपुरी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएँ दीं।
आयोजन समिति की अनुकरणीय भूमिका
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति पूरी निष्ठा से जुटी हुई है।
अध्यक्ष: रविंद्र कुमार छाबड़ा
उपाध्यक्ष: हनुमान खंडेलवाल
सचिव: पूजा बुनकर (मुख्य नगर पालिका अधिकारी)
तकनीकी सलाहकार: मनोज श्रीवास्तव
कोषाध्यक्ष: पीयूष द्विवेदी
साथ ही विभिन्न विभागों के सभापति, पार्षदगण एवं नगर पालिका का पूरा अमला आयोजन को सुव्यवस्थित रखने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
मैदान प्रबंधन और सेवा भावना की सराहना
मैदान का रखरखाव, पेयजल व्यवस्था, अतिथियों एवं अधिकारियों का सत्कार—इन सभी दायित्वों को शोभाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष, नगर पालिका परिषद धनपुरी, अत्यंत समर्पण के साथ निभा रहे हैं, जिसकी सर्वत्र सराहना हो रही है।
वहीं फिजियोथैरेपिस्ट रंजीत मलिक खिलाड़ियों की देखभाल में पूरे समय सक्रिय रहे।
कमेंट्री ने बढ़ाया रोमांच
मैच का आँखों देखा हाल क्षेत्र के सुप्रसिद्ध कॉमेंटेटर अजय द्विवेदी एवं कलाम मोहम्मद (एडवोकेट) द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे दर्शकों का उत्साह दोगुना हो रहा है।
4 जनवरी के मुकाबले
प्रथम मैच: डीएफए शहडोल बनाम बैंक ऑफ बड़ौदा, मुंबई — दोपहर 12:00 बजे
द्वितीय मैच: आरकेएम आश्रम नारायणपुर बनाम राजस्थान पुलिस — दोपहर 2:00 बजे

Related Articles

Back to top button