दुमका में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सुनीं प्रधानमंत्री के मन की बात

दुमका : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उपराजधानी दुमका में ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस दौरान उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान और स्वदेशी अभियान पर जोर दिया। साथ ही राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने दुमका के सदर प्रखंड स्थित गांदो पंचायत के शितपहाड़ी गांव में ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित जन चौपाल में शिरकत की और लोगों को आत्मनिर्भरता का पाठ पढ़ाया।
बाबूलाल मरांडी ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से संचालित स्वदेशी अभियान को भी बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि सभी को संकल्पित होकर स्वदेशी सामानों का इस्तेमाल करना चाहिए। स्वदेशी सामानों की खरीदारी से देश को फायदा होगा, देश में उद्योग धंधे बढ़ेंगे और देश का पैसा देश में ही रहेगा।
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा और हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्रीत्व काल को पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और राज्य का विकास भी ठप पड़ गया।
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने ग्रामीणों को केन्द्र प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और संबंधित अधिकारी से मिलकर योजनाओं का लाभ लेने की बात कही। मौके पर दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।




