दूध का दूध, पानी का पानी” अभियान अंतर्गत ब्यावरा में दूध के नमूनों की जांच की गई जांच के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा लाए गए दूध के नमूनों में पानी की मिलावट/अधिकता पाई गई

राजगढ़, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में “दूध का दूध, पानी का पानी” अभियान के तहत विकासखंड ब्यावरा में सांची संघ से प्रत्यायोजित सांची लेबोरेटरी द्वारा विभिन्न स्थानों पर दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच की गई।
जांच के दौरान अपना नगर स्थित कॉलोनी में उपभोक्ताओं द्वारा अपने घर से लाए गए दूध एवं घी के कुल 38 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 12 नमूनों में पानी की मात्रा अधिक पाई गई, जबकि एक घी का नमूना मानक स्तर का पाया गया। एक दूध के नमूने में यूरिया की मात्रा सामान्य से अधिक पाई गई।
इसी प्रकार नीम चौराहा ब्यावरा क्षेत्र से लिए गए 35 नमूनों में 9 नमूनों में पानी की मिलावट/ अधिकता पाई गई। शिवधाम कॉलोनी से लिए गए 32 नमूनों की जांच में 8 नमूनों में पानी की अधिकता दर्ज की गई, जबकि घी का नमूना मानक स्तर का पाया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि ये सभी नमूने उपभोक्ताओं द्वारा अपने घर से जांच हेतु लाए गए थे। इसके अतिरिक्त, निरीक्षण के दौरान श्रीराम दूध डेयरी एवं राधाकृष्ण दूध डेयरी में भी जांच की गई। जांच में संदेहास्पद पाए जाने पर श्रीराम दूध डेयरी से मिक्स मिल्क तथा राधाकृष्ण दूध डेयरी से घी एवं बटर के नमूने जांच हेतु लिए गए।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल के मार्गदर्शन में सांची संघ से प्रत्यायोजित प्रयोगशाला द्वारा नियमित रूप से दूध एवं दुग्ध उत्पादों की जांच की जा रही है। आगामी कार्यक्रमानुसार यह जांच अभियान राजगढ़ एवं जिले की अन्य तहसीलों में भी जारी रहेगा।



