राजगढ़ पुलिस की विशेष टीम की बड़ी कामयाबी — एक वर्ष से फरार हत्या के आरोपी को प्रयागराज (उ.प्र.) से किया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में फरार एवं गंभीर अपराधों में लिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे एवं एस.डी.ओ.पी. खिलचीपुर श्री डी.व्ही.एस. नागर के मार्गदर्शन में थाना जीरापुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त की है।
थाना जीरापुर पुलिस द्वारा हत्या के प्रकरण में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी सुनील पिता रंगलाल उर्फ होशियारसिंह दांगी, उम्र 21 वर्ष, निवासी दांगी मोहल्ला, जीरापुर को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया है।
🔹 घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 09.12.2024 को फरियादी ईश्वर चौहान पिता मनोहरसिंह चौहान (उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम पोलाखेड़ा, थाना जीरापुर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह अपने मित्र हरिओम सौंधिया के साथ ट्रैक्टर की किश्त कलेक्शन हेतु निकला, तब सिरपोई कॉलोनी, जीरापुर के पास दिनेश दांगी एवं उसके दो साथियों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल हरिओम सौंधिया की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।
इस पर थाना जीरापुर में अपराध क्रमांक 393/24 धारा 109(1), 126(2), 3(5) BNS का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
मृतक की मृत्यु एवं विवेचना के आधार पर प्रकरण में धारा 103, 311, 309(4), 309(6), 126, 118(1), 209 BNS, 25/27 आर्म्स एक्ट, एवं मोटर वाहन अधिनियम की धाराएँ जोड़ी गईं।
मुख्य आरोपी दिनेश दांगी एवं रामदयाल वर्मा को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि आरोपी सुनील दांगी फरार चल रहा था, जिसके विरुद्ध धारा 193(9) BNSS के तहत प्रकरण प्रस्तुत किया गया था।
🔹 तकनीकी विश्लेषण एवं गिरफ्तारी की कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गठित विशेष टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं सतत निगरानी के बाद आरोपी का लोकेशन प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में चिन्हित किया गया।
विशेष टीम द्वारा वहां दबिश देकर आरोपी सुनील दांगी को विधिसम्मत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
प्रकरण की विवेचना प्रगति पर है।

