Breaking News

कार्तिक मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक बैठक सम्पन्न राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राजगढ़ नगर के ऐतिहासिक कार्तिक मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम कार्यालय सारंगपुर में शुक्रवार को प्रशासनिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने की।

बैठक में कार्तिक मास पर कालीसिंध नदी तट स्थित श्री कपिलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले की समुचित तैयारियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, अस्थायी बाजार व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में किसी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर की परंपरा एवं गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, छोटे-बड़े व्यापारियों और नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएँ सहजता से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर इस वर्ष भी हरिहर मिलन गौरव दिवस महोत्सव का आयोजन भव्यता और श्रद्धा के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि नगर की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का संवाहक भी है। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुजन एवं आमजन को मेले के दौरान एक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण प्राप्त हो सके।

बैठक में अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्री रोहित बम्होरे, तहसीलदार श्री आकाश शर्मा, एसडीओपी श्री अरविंद सिंह, जनपद अध्यक्ष श्री देव नागर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री पंकज पालीवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री ज्योति सुनहरे, थाना प्रभारी श्रीमति आकांक्षा हाड़ा विद्युत विभाग के जेई श्री मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button