छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

वन महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लगाया पौधा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल होने की अपील….

रायपुर: उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज बिलासपुर के वन चेतना केन्द्र सकरी में वन महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाया और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करने की अपील की। विधायक सर्वश्री धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह और सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी भी वन महोत्सव में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 1950 से अनवरत वन महोत्सव मनाया जा रहा है। हमारे राज्य का 44 प्रतिशत क्षे़त्र वनों से आच्छादित है। 55,812 वर्ग किमी भूभाग वनों से आच्छादित है। वनों की वजह से ही हम कोरोना जैसी महामारी पर विजय पाने में सफल हुए। लगातार हो रहे वृक्षारोपण कार्यक्रम के चलते वनों का क्षेत्रफल लगातार बढ़ रहा है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि वन क्षेत्रों में सर्वाधिक वृद्धि छत्तीसगढ़ में हुई है।

'वन महोत्सव में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री'

श्री साव ने कहा कि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को अच्छे पर्यावरण की सौगात दें, यह हमारी जिम्मेदारी है। हमें पर्यावरण को संरक्षित, पल्लवित और पुष्पित करना होगा। मां का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। जिस प्रकार मां हमारा जीवन भर पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार एक वृक्ष भी जीवनभर हमारे लिए करते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसलिए मां से पेड़ को जोड़कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरूआत की। अपनी मां की तरह ही हमें पेड़ को सम्मान देना होगा। हमें पर्यावरण और जल संरक्षण के महत्व को समझना होगा। बारिश की एक-एक बूंद को संरक्षित करना होगा।

'वन महोत्सव में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री'

विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। बिल्हा ब्लॉक में इस दिशा में अच्छा प्रयास किया गया है। यहां एक ही दिन में 60 हजार से ज्यादा पौधे लगाये गये। विधायक श्री धरमजीत सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें लगातार प्रयास करना चाहिए। हमें वृक्षों का महत्व समझना होगा। अपने प्रदेश को हरा-भरा बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण के लिए सराहनीय पहल की गई है।

'वन महोत्सव में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री'

विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कार्यक्रम में कहा कि प्रकृति हमारी मां जैसी है। प्रकृति हमें सब देती है। हमने पर्यावरण का संतुलन बिगाड़कर बड़ा कुठाराघात किया है। हमें अपने जीवन के विशेष अवसरों जैसे जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ इत्यादि पर पौधे लगाकर उन्हें अविस्मरणीय बनाना चाहिए। तखतपुर जनपद पंचायत की अध्यक्ष डॉ. माधवी संतोष वस्त्रकार, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसपी श्री रजनेश सिंह, सीसीएफ श्री प्रभात मिश्रा, डीएफओ श्री विपुल अग्रवाल और जिला पंचायत के सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं स्कूली बच्चे भी वन महोत्सव में मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button
× click to chat whatsapp