पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने देर रात्रि थाना कोतवाली राजगढ़ एवं एसडीओपी कार्यालय का किया निरीक्षण

लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं, डिजिटल पुलिसिंग, वारंट तामीली, मालखाना व्यवस्था एवं कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
**राजगढ़।** पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित तोलानी (भा.पु.से.)** द्वारा दिनांक 28 नवंबर 2026 को देर रात्रि थाना कोतवाली राजगढ़ एवं एसडीओपी कार्यालय राजगढ़ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना एवं कार्यालय की व्यवस्थाओं, शासकीय अभिलेखों, विभिन्न रजिस्टरों तथा पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
**थाना कोतवाली राजगढ़ के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा निम्नलिखित बिंदुओं पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए—**
1. **लंबित अपराध एवं विवेचनाएं:** लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं की नियमित समीक्षा कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।
2. **मालखाना एवं जप्त सामग्री:** जप्तशुदा सामग्री का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव करें तथा उसकी चेन ऑफ कस्टडी का विधिसम्मत संधारण करें।
3. **गुंडा एवं निगरानी बदमाश:** उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमित चेकिंग एवं सत्यापन करें तथा आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करें।
4. **ई-विवेचना एवं ई-साक्ष्य:** विवेचना में डिजिटल प्रणालियों का प्रभावी उपयोग करते हुए डिजिटल साक्ष्यों का नियमानुसार संधारण करें।
5. **CCTNS एवं NCL:** पोर्टल पर लंबित कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग कर आवश्यक प्रविष्टियां एवं कार्यवाहियां समय पर पूर्ण करें।
6. **डिजिटल दक्षता:** सभी अधिकारी-कर्मचारी संबंधित आईडी एवं डिजिटल पोर्टल पर कार्य करने में दक्षता प्राप्त करें तथा अभिलेख अद्यतन रखें।
7. **वारंट तामीली:** लंबित स्थायी वारंटों एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित वारंटों की तामीली प्राथमिकता से सुनिश्चित करें।
8. **सीएम हेल्पलाइन:** लंबित शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें।
9. **शासकीय अभिलेख:** थाना स्तर के समस्त रजिस्टरों एवं शासकीय अभिलेखों का व्यवस्थित एवं अद्यतन संधारण करें।
10. **कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण:** क्षेत्र में सतर्क पुलिसिंग करते हुए अपराधों की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
**एसडीओपी कार्यालय राजगढ़ के निरीक्षण के दौरान** पुलिस अधीक्षक ने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, लंबित प्रकरणों एवं पर्यवेक्षण संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अनुविभाग स्तर पर लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं की नियमित मॉनीटरिंग करने, अधीनस्थ थानों के कार्यों की प्रभावी समीक्षा करने, वारंट तामीली एवं जनशिकायतों के निराकरण में तेजी लाने तथा कार्यालयीन अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पुलिसिंग के प्रत्येक कार्य में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें। लंबित प्रकरणों के निराकरण, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए कार्य करें। आधुनिक डिजिटल प्रणालियों का अधिकतम उपयोग कर पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएं।



