Breaking News

ग्वालियर घटना के घायलों से मिले मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया, बेहतर उपचार के निर्देश गंभीर घायलों की स्थिति पर विशेष निगरानी, प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन

। ग्वालियर में बीती रात हुई घटना में घायल हुए लोगों का हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद एवं विधायकगण के साथ अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि चिकित्सकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार हुआ है। हालांकि, एक-दो गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर घायलों को बेहतर उपचार के लिए एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।

 

प्रभावित परिवारों को मिलेगी हर संभव मदद

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करा रही है। परिवारों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को समझा जा रहा है और जरूरत के अनुसार सहायता दी जा रही है। सरकार प्रत्येक घायल और उसके परिवार के साथ खड़ी है।

 

जांच के निर्देश, दोषियों पर होगी कार्रवाई

 

मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की समीक्षा की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर और सख्त कदम भी उठाए जाएंगे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक घायल को समय पर बेहतर उपचार मिले, प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध हो और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Back to top button