छात्राओं से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद का पुतला फूंका

राजगढ़, । कांग्रेस सांसद एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं द्वारा लगाए गए कथित यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के आरोपों को लेकर सोमवार को राजगढ़ में भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला कार्यालय वंदे मातरम भवन से रैली निकाली और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खिलचीपुर नाके स्थित शिवाजी चौराहे पर पहुंचकर सांसद का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलम सक्सेना ने किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने मामले को महिला सुरक्षा, सम्मान और छात्राओं को न्याय दिलाने से जुड़ा विषय बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से संबंधित सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर ने कहा कि छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोप गंभीर हैं और ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को इस मामले में सामने आकर जवाब देना चाहिए।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलम सक्सेना ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से संबंधित सांसद के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की चुप्पी उचित नहीं है।



