सेवा संकल्प अभियान में आशीर्वाद के 51 हजार दीपों से जगमगाया पचमठा यशस्वी प्रधानमंत्री जी को 10 लाख दीप दे रहे हैं आशीर्वाद – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल 17 सितंबर 2026. सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर रीवा बीहर नदी रिवर फ्रंट के पचमठा घाट पर 51 हजार आशीर्वाद के दीपक जलाए गए। रिवर फ्रंट के साथ निर्मित बीहर नदी के मनोरम घाट पर जगमगाते हजारों दीपकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को आशीर्वाद और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का शाम 6.40 बजे शुभारंभ करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। आर्थिक और राजनीतिक महाशक्ति के रूप में विश्व मंच पर मोदी जी ने भारत को बड़ी प्रतिष्ठा दिलाई है। हाल ही में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के प्रस्ताव इसके प्रमाण हैं। हम सब आज यशस्वी प्रधानमंत्री जी का जन्मदिवस मना रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए लागू की गई अनेक योजनाओं से रीवा जिले में लाखों हितग्राही लाभान्वित हुए हैं। सभी हितग्राही आशीर्वाद का दीपक जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। पुनर्घनत्वीकरण योजना से निर्मित सुंदर रिवर फ्रंट और पचमठा धाम में जगमगाते हजारों दीपक विकास की कहानी कह रहे हैं। आज देश भर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के माध्यम से लाखों लोगों ने रक्तदान करके प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं और पीड़ित मानवता की सेवा में योगदान दिया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन तथा उनकी पूरी टीम ने शानदार व्यवस्थाएं की। बीहर के तट पर सुंदर आकृति में सजे दीप सबको आकर्षित कर रहे थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सैकड़ों हितग्राहियों ने भी आशीर्वाद के दीपक जलाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में एयरपोर्ट, हाईवे, रेलवे और सिंचाई सुविधा का तेजी से विकास हुआ है। भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था से विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। जलजीवन मिशन से हर घर में नल से स्वच्छ पानी पहुंचाने का प्रधानमंत्री जी का संकल्प पेयजल की समस्या को मिटाएगा। इस योजना से रीवा जिले में दो हजार करोड़, मध्यप्रदेश में 70 हजार करोड़ और देश में 10 लाख करोड़ के कार्य हो रहे हैं। रीवा दिसम्बर माह तक प्रदेश का पहला संभागीय मुख्यालय बनेगा। जिसमें फोरलेन और एटलेन से रिंग रोड की सुविधा है। प्रधानमंत्री जी ने नक्सलवाद का अंत, आतंकवाद का दमन और धारा 370 को समाप्त करने जैसे साहसिक फैसले लेकर देश को नई दिशा दी। हम सब देश को सनातन एकता के सूत्र में बांधने वाले शंकराचार्य जी के पंचमठ की पावन भूमि में प्रधानमंत्री जी को हजारों दीप जलाकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।
सेवा संकल्प अभियान में बीहर तट में जगमगाते दीपों की निराली छटा ने सबका मन मोह लिया। हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से बीहर आरती में शामिल होकर प्रधानमंत्री जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संत श्री विजय ब्रम्हचारी जी, सांसद श्री जनार्दन मिश्र, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, संगठन प्रभारी श्री विजय दुबे तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं पार्षद शामिल रहे। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव तथा रीवा जिले के प्रभारी अधिकारी केसी गुप्ता, कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, अन्य अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। दीपोत्सव के लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। पचमठा के साथ-साथ रीवा जिले में गत वर्षों में हुए विकास के बड़े प्रतिमानों में भी आशीर्वाद के दीपक जलाए गए। रीवा एयरपोर्ट और रीवा रेलवे स्टेशन में भी हजारों आशीर्वाद के दीप जलाए गए। इसके साथ-साथ गुढ़ के भैरवनाथ मंदिर, सोलर पावर प्लांट बदवार, हिनौती गौधाम, रानी तालाब सिरमौर, गोविंदगढ़ तालाब एवं किला, शंकर जी तालाब सेमरिया, अतरैला कैनाल व जल जीवन मिशन इंटेक वेल तथा कोलगढ़ी में भी आशीर्वाद के हजार दीप जलाए गए। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजनों ने भाग लिया।




