साहू समाज राजगढ़ ने निकाली भव्य ध्वज यात्रा, मां जालपा से की नगर की सुख-समृद्धि की कामना

राजगढ़। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन नगर में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इसी क्रम में साहू समाज राजगढ़ द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मां कर्मा देवी मंदिर, साहू समाज धर्मशाला, खुजनेर रोड राजगढ़ से मां जालपा मंदिर तक भव्य ध्वज यात्रा निकाली गई। यात्रा में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मां के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
ध्वज यात्रा प्रभारी एवं साहू समाज राजगढ़ के नगर अध्यक्ष कमलेश साहू ने बताया कि साहू समाज द्वारा लगातार चौथे वर्ष इस ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य मां जालपा के चरणों में ध्वज अर्पित कर समस्त नगरवासियों एवं समाजजनों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना की प्रार्थना करना है।
ध्वज यात्रा के दौरान श्रद्धालु पूरे मार्ग में भक्ति गीतों पर नाचते-गाते और मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। भक्तिमय माहौल के बीच यात्रा मां जालपा मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
*छह वर्षों से निःशुल्क शीतल जल सेवा*
धार्मिक आयोजन के साथ-साथ साहू समाज राजगढ़ सेवा कार्यों में भी निरंतर अपनी सहभागिता निभा रहा है। मां जालपा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समाज द्वारा प्रतिवर्ष कुंडक्या नाले के ऊपर टेंट लगाकर नौ दिनों तक शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की निःशुल्क व्यवस्था की जाती है। समाज द्वारा यह सेवा लगातार छठे वर्ष की जा रही है।
साहू समाज की इस पहल से नवरात्रि के दौरान मां जालपा के दर्शन के लिए आने-जाने वाले भक्तों को राहत मिलती है। ध्वज यात्रा और निःशुल्क जल सेवा के माध्यम से साहू समाज ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, जनसेवा और सहयोग की भावना का परिचय दिया।
नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस यात्रा ने नगर में भक्तिमय वातावरण निर्मित किया तथा समाजजनों की एकजुटता और सेवा भावना को प्रदर्शित किया।



