Breaking News

जनता की सेवा, गरीब का सम्मान और हर पात्र को अधिकार—यही है सरकार का संकल्प :- राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार

राजगढ ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत नगर पालिका ब्यावरा में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने सहभागिता कर नगरवासियों से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही वर्षों से आवासीय अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे लोहपीटे समाज के परिवारों को आवासीय पट्टे प्रदान किए गए। कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाईकर्मी भाई-बहनों का सम्मान कर उनके समर्पण एवं सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही ब्यावरा नगर पालिका के नवनिर्वाचित वरिष्ठ पार्षदों का भी सम्मान किया गया।

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि जन-जन तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना, नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना तथा प्रत्येक वर्ग के सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि लोहपीटे समाज के भाई-बहन पीढ़ियों से कठिन परिस्थितियों में मेहनत और परिश्रम से अपना जीवन यापन करते आए हैं। सम्मान के साथ जीवन जीना उनका अधिकार है, इसी भावना के साथ पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे दिए जा रहे हैं तथा उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ने के साथ व्यवस्थित बसाहट, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब कल्याण की सोच को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्की छत मिली है। ब्यावरा में भी हजारों परिवारों को पक्के आवास का लाभ मिल चुका है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार कच्चे मकान या झोपड़ी में रहने को मजबूर न रहे। उन्होंने कहा कि ‘कोई गरीब भूखा न सोए’ के संकल्प के साथ केंद्र सरकार करोड़ों जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध करा रही है। गेहूं, चावल सहित आवश्यक खाद्य सामग्री के माध्यम से सरकार गरीब परिवारों के भोजन और सम्मान दोनों की चिंता कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों के लिए उपचार को आसान और सुलभ बनाया है। पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए तक के उपचार की सुविधा मिल रही है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को भी आयुष्मान योजना के दायरे में लाकर सरकार ने उनके स्वास्थ्य की चिंता की है।

 

उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सामाजिक सुरक्षा एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। सरकार की मंशा है कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के लिए आवश्यक सहयोग समय पर मिले। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय गरीबों के लिए आवास जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं होती थी। आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में योजनाओं का दायरा व्यापक हुआ है और सरकार कागजों पर योजनाएं बनाने के बजाय पात्र हितग्राही तक उनका लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हमारे सफाईकर्मी भाई-बहन प्रतिदिन सुबह से शहर को स्वच्छ रखने में जुट जाते हैं। नागरिकों को भी अपने घर, गली और मोहल्ले को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए। स्वच्छ ब्यावरा और स्वस्थ ब्यावरा का निर्माण शासन और जनता की संयुक्त जिम्मेदारी है। हमारे नगर पालिका को 10 नई कचरा एकत्रित करने वाली गाड़ी मिली है। जिससे सफाई व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी।

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ कार्य कर रही है। शासन की योजनाओं में किसी जाति, धर्म या राजनीतिक विचारधारा के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता। जो पात्र है, उसका अधिकार उसे सम्मानपूर्वक मिले—यही सुशासन की पहचान है। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनके लिए केवल राजनीति नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और जनप्रतिनिधि के रूप में कर्तव्य है। सरकार का संकल्प है कि हर जरूरतमंद तक योजना पहुंचे, हर परिवार को सम्मान मिले और प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन का अवसर मिले।

Related Articles

Back to top button