मांगों को लेकर स्व-सहायता समूहों की हड़ताल, कलेक्ट्रेट के बाहर दिया जा रहा धरना

राजगढ़। अपनी विभिन्न मांगों के निराकरण और शासन की ओर से लिखित जवाब नहीं मिलने के विरोध में जिले के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा बुधवार को हड़ताल की जा रही है। प्रांतीय महिला स्व-सहायता समूह महासंघ, जिला इकाई राजगढ़ की ओर से कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में हड़ताल की जानकारी दी गई है।
महासंघ के अनुसार, समूहों की मांगों को लेकर पूर्व में 9 सितंबर 2026 को भी प्रशासन को हड़ताल की सूचना दी गई थी। मांगों पर शासन की ओर से लिखित जवाब नहीं मिलने पर अब जिले के समस्त स्व-सहायता समूहों ने मध्यान्ह भोजन नहीं बनाने तथा प्राप्त नोटिसों का जवाब नहीं देने का निर्णय लिया है।
बुधवार को जिला अध्यक्ष, सचिव सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर हड़ताल कर रही हैं। महासंघ ने कलेक्टर से उनकी मांगों पर विचार करते हुए आवेदन स्वीकार करने और समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
महासंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर शासन की ओर से लिखित जवाब नहीं दिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



