Breaking News

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा—मध्यप्रदेश बनेगा निवेश, उत्पादन और रोजगार का प्रमुख केंद्र

बीना में ₹50 हजार करोड़ की पेट्रोकेमिकल परियोजना से औद्योगिक विकास को मिलेगी गति, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद ₹12 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के प्रयास

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को निवेश, उत्पादन और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में उपलब्ध संसाधनों, आधुनिक तकनीक, मजबूत औद्योगिक आधार और निवेश-अनुकूल नीतियों के माध्यम से औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में लगभग एक लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आया है। मध्यप्रदेश का बीना पेट्रोकेमिकल उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां 50 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल परियोजना से प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए रायसेन जिले के तामोट में 121 एकड़ और ग्वालियर के बिलोवा में 93 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक प्लास्टिक पार्क विकसित किए गए हैं। इनसे निवेश, उत्पादन और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से मध्यप्रदेश की टेक्सटाइल क्षेत्र में विशेष पहचान बनी है। वहीं, विजयपुर में गेल का आधुनिक गैस प्रसंस्करण ढांचा और सीहोर में गेल की पेट्रोकेमिकल परियोजना प्रदेश में औद्योगिक विकास एवं रोजगार की नई संभावनाएं खोल रही हैं।

डॉ. यादव के अनुसार, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद लगभग 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रगति हुई है। प्रदेश में उद्योगों के लिए बिजली, पानी, भूमि, प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं और निवेश-अनुकूल नीतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि तीन दिवसीय विचार-विमर्श से रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में नए निवेश और वैश्विक सहयोग के अवसर सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2040 तक देश के केमिकल एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र को एक ट्रिलियन डॉलर की इंडस्ट्री बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में मध्यप्रदेश पूरी प्रतिबद्धता के साथ योगदान देगा।

Related Articles

Back to top button