पचोर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, एक्सपायरी एवं खराब खाद्य सामग्री का कराया विनष्टीकरण

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को पचोर में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से भ्रमण कर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री द्वारा पचोर स्थित जैन होटल, ए.बी. रोड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 20 किलोग्राम सड़ी हुई प्याज एवं लगभग 2 किलोग्राम एक्सपायरी डेट की सॉस पाए जाने पर मौके पर ही उनका विनष्टीकरण कराया गया।
इसी प्रकार ए.बी. रोड पचोर स्थित अंगीठी रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की गई। यहां एक्सपायरी डेट की बिसलेरी वॉटर 200 एमएल की 09 पेटी, कुल 432 बोतल, एक्वानिटी 200 एमएल की 02 पेटी, कुल 80 बोतल तथा 700 एमएल की विनेगर की 09 बोतल का मौके पर ही विनष्टीकरण कराया गया।इसके साथ ही बस स्टैंड पचोर स्थित पंडित जी की होटल, श्री राम होटल, श्री सिद्धिविनायक स्वीट्स एवं आकाशदीप रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण कर अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूना लिए गए। संबंधित खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा किसी प्रकार की मिलावट नहीं करने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।



