बायोमेट्रिक मशीन खरीदी व निर्माण कार्यों की शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित नगरीय प्रशासन विभाग ने तीन सदस्यीय समिति बनाई, 15 दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

राजगढ़। नगर पालिका परिषद राजगढ़ में बायोमेट्रिक मशीनों की खरीदी सहित निर्माण एवं अन्य कार्यों में अनियमितता संबंधी शिकायतों को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने जांच के आदेश जारी किए हैं। विभाग ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति को 15 दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका परिषद राजगढ़ में बायोमेट्रिक मशीनों की खरीदी को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न माध्यमों से शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों की जांच के लिए निधि भारद्वाज, परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण राजगढ़ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
समिति में शिल्पा मालवीय, उप संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल संभाग तथा सचिन कडु, कार्यपालन यंत्री, नगरीय प्रशासन एवं विकास यांत्रिकी प्रकोष्ठ, भोपाल संभाग को सदस्य बनाया गया है। समिति आवश्यकता होने पर मौके का निरीक्षण भी कर सकेगी।
सीएमओ पवन अवस्थी को पद से हटाकर संभागीय कार्यालय में किया अटैच
इसी मामले से संबंधित एक अन्य आदेश में नगर पालिका परिषद राजगढ़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन अवस्थी को तत्काल प्रभाव से सीएमओ पद से कार्यमुक्त कर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल संभागीय कार्यालय में संलग्न किया गया है। आदेश में उल्लेख है कि बायोमेट्रिक मशीन खरीदी, निर्माण कार्यों एवं अन्य कार्यों को लेकर प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर प्रशासनिक औचित्य एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है



