पीएम मोदी जी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएंगे : पूर्व प्रोटेम स्पीकर एवं विधायक रामेश्वर शर्मा

राजगढ़, । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस एवं उनके 25 वर्षों के गौरवपूर्ण सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सेवा यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान की जानकारी देने के लिए मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे भारतीय जनता पार्टी के वंदे मातरम कार्यालय, राजगढ़ में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व प्रोटेम स्पीकर एवं विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और 26 मई 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में श्री नरेंद्र मोदी ने निरंतर राष्ट्र एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा केवल राजनीतिक उपलब्धियों की यात्रा नहीं है, बल्कि गरीब, वंचित, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की यात्रा है। इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां होंगी सामने
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को समाज के सामने लाया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को यह जानकारी देना है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में किस प्रकार व्यापक परिवर्तन हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।
एक माह तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
श्री शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन, सेवा, संवाद’ जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें परिवारों द्वारा दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री जी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा और विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा अभियान
श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ेंगे। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिक सेवा कार्यों में अपना योगदान देंगे, जबकि ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं
अभियान के अंतर्गत स्कूल-कॉलेजों एवं निजी विद्यालयों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं माताओं के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा स्वास्थ्य, पोषण और शासकीय योजनाओं से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।



