Breaking News

शिकायतों का समाधान, युवाओं को रोजगार और बहनों को आत्मनिर्भरता—खिलचीपुर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान ने दिया विश्वास का संदेश

राजगढ़    मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत खिलचीपुर में आयोजित शिविर का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विधायक खिलचीपुर श्री हजारीलाल दांगी एवं कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा का मालवी संस्कृति के अनुरूप साफा बांधकर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विधायक खिलचीपुर श्री हजारीलाल दांगी, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी खिलचीपुर डॉ. ज्योति राजोरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

*दो दिन में तैयारियां, शिकायतों के निराकरण पर विशेष फोकस*

 

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि शिविर की तैयारियां मात्र दो दिवस में की गई हैं। शिविर में पूरे जनपद की शिकायतों, सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि शिकायतों के निराकरण की स्थिति के आधार पर जिले की रैंकिंग निर्धारित होती है। वर्तमान में राजगढ़ जिला 11वें स्थान पर है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। अभियान के अंतर्गत 454 शिकायतों को बंद कराया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष लंबित शिकायतों का भी गंभीरता से परीक्षण करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

 

*लोक सेवा गारंटी एवं राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण*

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बताया कि लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया गया है। साथ ही नामांतरण एवं सीमांकन से संबंधित शिकायतों का भी निराकरण कराया गया है, ताकि नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न हो।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का विभागवार चिन्हांकन कर समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत के निराकरण की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

 

*विभागवार अधिकारियों ने दी लंबित शिकायतों की जानकारी*

 

शिविर में तहसीलदार खिलचीपुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, ऊर्जा अधिकारी एवं उप संचालक कृषि ने अपने-अपने विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों की जानकारी कलेक्टर डॉ. मिश्रा को दी। अधिकारियों ने शिकायतों की प्रकृति, संख्या, निराकरण की स्थिति तथा लंबित प्रकरणों के संबंध में अवगत कराया।

 

*विधायक खिलचीपुर श्री दांगी ने संबल पंजीयन, अतिक्रमण एवं विकास कार्यों पर रखे प्रस्ताव*

 

विधायक खिलचीपुर श्री हजारीलाल दांगी ने कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा से संबल योजना के पंजीयन एवं प्रमाण-पत्र बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को संबल योजना का लाभ समय पर मिलना चाहिए। विधायक खिलचीपुर श्री दांगी ने क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वेटरनरी अस्पताल एवं वेयरहाउस जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाने हैं, जिसके लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध होना जरूरी है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का आग्रह करते हुए कहा कि गांव को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

 

*मोहनपुरा डैम की नहर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश*

 

विधायक खिलचीपुर श्री दांगी ने मोहनपुरा डैम की नहर से संबंधित ग्रामीणों की समस्याओं को भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर नहर की वॉल नहीं लगी है और कहीं पाइप की आवश्यकता है। उन्होंने मोहनपुरा डैम के अधिकारियों को इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए सिंचाई व्यवस्था बेहतर होना आवश्यक है। साथ ही ग्रामीणों से प्रति माह 100 रुपये जलकर समय पर जमा करने की अपील की। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर एक जिम्मेदार व्यक्ति के माध्यम से पानी की सप्लाई को आवश्यकता के अनुसार शुरू एवं बंद करने की व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया।

 

*उद्यम संवाद में युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रोत्साहित*

 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित उद्यम संवाद में युवाओं एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया गया। पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत व्यवसाय कर रहे युवाओं को अपने हुनर एवं व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत जिले में स्थापित हुए नए उद्योगों एवं इकाइयों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए नए उद्यमों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

 

*शारदा दांगी ने साझा की स्व-सहायता समूह से आत्मनिर्भरता की कहानी*

 

उद्यम संवाद के दौरान शारदा दांगी, श्री राम समूह की दीदी ने स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद हुए बदलावों एवं समूह की महिलाओं की सफलता की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि समूह की दीदियां छोटे-छोटे उद्योग एवं व्यवसायों के माध्यम से आय अर्जित कर रही हैं, जिससे उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2018 से एनआरएलएम से जुड़ी हुई हैं तथा लगभग 5 वर्षों तक समूह की अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।

 

*खिलचीपुर में लाइब्रेरी के कार्य को भी सक्रियता से आगे बढ़ाया जा रहा*

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बताया कि खिलचीपुर में लाइब्रेरी के कार्य को भी सक्रियता से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

*रक्षाबंधन पर मंच पर दिखा भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का भाव*

 

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर उस समय भावनात्मक हो उठा, जब स्व-सहायता समूह की बहनों ने कलेक्टर डॉ. मिश्रा एवं विधायक खिलचीपुर श्री दांगी की कलाई पर राखी बांधी। बहनों ने तिलक कर राखी बांधी और मंगलकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि एवं जनसेवा के निरंतर संकल्प की कामना की। इस आत्मीय अवसर पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बहनों का हृदय से अभिवादन करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बहनों के स्नेह और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के मंच पर रक्षाबंधन का यह आत्मीय आयोजन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सामाजिक समरसता का भावपूर्ण संदेश देता हुआ यादगार क्षण बन गया।

 

जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध कराया गया। जिनमें लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों में श्री रजत सेठिया को ध्रुवी कृषि केन्द्र के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 8 लाख रुपये, श्री मुकेश कारपेंटर को फर्नीचर व्यवसाय के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 3 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत श्री रामबाबू वर्मा को राजमिस्त्री कार्य के लिए 1 लाख रुपये तथा श्री रामबाबू को तालासाज कार्य के लिए 1 लाख रुपये, श्री रवि वंशकार को जूते-चप्पल निर्माण/व्यवसाय के लिए 1 लाख रुपये तथा श्री सुरेश वर्मा को ताला-चाबी व्यवसाय के लिए 1 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया।

 

इसी क्रम में हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश एवं संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि का लाभ भी प्रदान किया गया। पेंशन स्वीकृति आदेश के अंतर्गत श्री कंवरलाल पिता रामलाल दांगी तथा श्री प्रेमनारायण पिता हजारीलाल को वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता के तहत पात्र हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इनमें श्री धीरप सिंह सौंधिया, श्रीमती अयोध्याबाई, श्रीमती कालीबाई, श्रीमती राधाबाई श्री कंवरलाल मालवीय तथा श्रीमती गीताबाई शामिल हैं।

साथ ही कार्यक्रम में फूड बास्केट का वितरण किया गया। जिसमें श्री जगदीश, श्रीमती सपना, श्री कन्हैयालाल, श्री नाफेदा तथा श्रीमती भूलीबाई शामिल है।

 

म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित स्व सहायता समूह एवं हितग्राही को स्वीकृत ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए। जिनमें सचिन समूह, ज्योति समूह, शांति समूह, रवीना समूह, शिवानी समूह, दीपक समूह, दीपक समूह, जानकी समूह, कविता समूह, एकता समूह, हितग्राही सुमित्रा दांगी एवं शैतानबाई शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button