Breaking News

शासकीय उचित मूल्य दुकान में अनियमितता, दो के खिलाफ एफआईआर

राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकान भंडावद में खाद्यान्न वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में स्टॉक में भारी अंतर मिलने और कई हितग्राहियों को राशन नहीं दिए जाने के मामले में पुलिस ने तत्कालीन विक्रेता जगदीश राठौर और तत्कालीन संचालनकर्ता संस्था विपणन सहकारी संस्था जीरापुर के प्रबंधक बीरम सिंह के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की है।
जांच के दौरान दुकान के स्टॉक में 11,495 किलोग्राम गेहूं, 2,580 किलोग्राम चावल, 11 किलोग्राम शक्कर और 15 लीटर केरोसिन कम पाया गया। इसके अलावा आईसीडीएस के खाद्यान्न स्टॉक में भी कमी सामने आई।
जांच रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल, मई और जून 2026 में उपभोक्ताओं को नियमित रूप से राशन का वितरण नहीं किया गया। मई और जून में एकमुश्त वितरण के दौरान करीब 15 प्रतिशत उपभोक्ताओं के लिए पीओएस मशीन से खाद्यान्न और नमक का आहरण दर्ज होने के बावजूद उन्हें वास्तविक रूप से राशन नहीं दिया गया।
वहीं, अप्रैल माह में 440 उपभोक्ताओं के राशन से वंचित रहने की बात भी जांच में सामने आई है। मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर सहायक आपूर्ति अधिकारी खिलचीपुर-जीरापुर श्रीमती हुमा हुजूर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन की निगरानी और सख्ती का संदेश भी गया है।

Related Articles

Back to top button