मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिले में 114 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण, 976 लोकसेवा सेवाएं प्रदान

राजगढ़ मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिले में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत शासकीय सेवाओं का समय-सीमा में लाभ उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न अनुभागों में जनविश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना और मौके पर ही निराकरण की कार्रवाई की। जिले के खिलचीपुर- जीरापुर, नरसिंहगढ़ एवं सारंगपुर में आयोजित शिविरों में कुल 114 शिकायतें संतुष्टि के साथ बंद कराई गईं तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 976 सेवाओं का निराकरण एवं प्रदाय किया गया।
*खिलचीपुर-जीरापुर के बरसनखेड़ी में 54 शिकायतों का निराकरण*
जनविश्वास अभियान के तहत अनुभाग खिलचीपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बरसनखेड़ी, तहसील जीरापुर में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जीरापुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी दी।ग्रामीणों ने जल निगम, गोस्वामी समाज के लिए अलग श्मशान भूमि आवंटन, गांव के पास नाले पर पुलिया निर्माण, गांव में केवल एक फेज बिजली आने तथा गांव से स्कूल तक अतिक्रमण जैसी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए। विद्यालय में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच तथा आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति का अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 54 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टि के साथ निराकरण किया गया। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत विभिन्न कार्यालयों में 389 सेवाओं का निराकरण किया गया।
*नरसिंहगढ़ के पीलूखेड़ी में 28 शिकायतें बंद, 253 सेवाओं का निराकरण*
नरसिंहगढ़ अनुभाग में ग्राम पंचायत पीलूखेड़ी के पंचायत भवन में ब्लॉक स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों द्वारा संबंधित हितग्राहियों को सूचना देकर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का निराकरण किया गया। शिविर में अनुभाग कार्यालय नरसिंहगढ़ की 4, तहसील कार्यालय नरसिंहगढ़ की 15, जनपद पंचायत नरसिंहगढ़ की 1, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 2, कृषि विभाग की 1, महिला एवं बाल विकास विभाग की 3, स्वास्थ्य विभाग की 1 तथा उद्यानिकी विभाग की 1 शिकायत सहित कुल 28 शिकायतें संतुष्टि के साथ बंद कराई गईं।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 253 सेवाओं का निराकरण किया गया। इनमें अनुभाग कार्यालय नरसिंहगढ़ की 165, तहसील कार्यालय नरसिंहगढ़ की 67 तथा जनपद पंचायत नरसिंहगढ़ की 21 सेवाएं शामिल हैं। जनपद पंचायत में शिविर के दौरान प्राप्त 43 आवेदनों में से 37 का निराकरण भी किया गया।
*सारंगपुर में 32 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण*
अनुविभाग सारंगपुर में समस्या एवं शिकायत निवारण तथा लोक सेवा गारंटी के तहत सेवाओं के त्वरित निराकरण के लिए उपखण्ड स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा संबंधित हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में तहसील कार्यालय सारंगपुर की 6, तहसील कार्यालय पचोर की 11, पंचायत राज विभाग की 11 तथा सामाजिक न्याय विभाग की 4 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों सहित कुल 32 शिकायतें संतुष्टि के साथ बंद कराई गईं।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत तहसील कार्यालय सारंगपुर की 70, तहसील कार्यालय पचोर की 89 तथा पंचायत राज विभाग की 25 सेवाओं का निराकरण किया गया। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र से संबंधित 150 प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस प्रकार शिविर में कुल 334 लोकसेवा सेवाएं प्रदान एवं निराकृत की गईं।
*आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर*
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के साथ ही शासन की योजनाओं तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी दी। अभियान के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजन को शासकीय सेवाओं का सहज, पारदर्शी एवं समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस प्रकार जिले के तीन प्रमुख क्षेत्रों में आयोजित जनविश्वास शिविरों में 114 शिकायतों का संतुष्टि के साथ निराकरण तथा 976 लोकसेवा सेवाओं का निराकरण/प्रदाय किया गया, जिससे अभियान के माध्यम से आमजन को सीधे राहत एवं शासकीय सेवाओं का लाभ मिला।



