उत्तराखंड
उत्तराखंड: रुड़की की सड़कों को अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने की तैयारी तेज

देहरादून (SHABD):रुड़की शहर की खराब सड़कों को दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार अक्टूबर तक शहर की आंतरिक और बाहरी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सितंबर में सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मौके पर काम शुरू कराया जाएगा। विभाग का लक्ष्य तय समय सीमा में सड़कों को बेहतर करना है। वहीं, नगर निगम ने भी सड़क निर्माण और मरम्मत की प्रक्रिया तेज कर दी है। निगम के मुताबिक 82 टेंडर खोले जा चुके हैं और करीब 90 सड़कों पर काम कराया जाना है। इनमें कई सड़कें लंबे समय से खराब हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।




