बिहार-झारखण्‍ड

विश्व कप के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की चार बेटियां, सलीमा टेटे होंगी कप्तान

रांची (SHABD): झारखंड के लिए गर्व की बात है कि 15 से 30 अगस्त 2026 तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए घोषित 20 सदस्यीय भारतीय टीम में राज्य की चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि झारखंड की स्टार मिडफील्डर सलीमा टेटे को भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई है। भारतीय टीम में झारखंड से सलीमा टेटे (कप्तान एवं मिडफील्डर), निक्की प्रधान (मिडफील्डर), ब्यूटी डुंगडुंग (फॉरवर्ड) और दीपिका सोरेंग (मिडफील्डर) को जगह मिली है। विश्व कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में एक साथ झारखंड की चार खिलाड़ियों का चयन राज्य के हॉकी इतिहास में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। भारतीय टीम हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप जीतकर विश्व कप में उतर रही है। टीम को विश्व कप के पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, राज्य सरकार और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने चारों खिलाड़ियों और पूरी भारतीय टीम को विश्व कप के लिए शुभकामनाएं दी हैं। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के खिलाड़ियों का चयन इस बात का प्रमाण है कि राज्य भारतीय महिला हॉकी की मजबूत नर्सरी बन चुका है।

Related Articles

Back to top button