ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे, वाराणसी की गंगा आरती भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित

लखनऊ (SHABD):वाराणसी में बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूर्ण होने पर गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा आरती भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित रही। दशाश्वमेध घाट पर दीप प्रज्वलन, शंखनाद और डमरू की गूंज के बीच सेना के साहस को नमन किया गया और जवानों को बधाई दी गई। गंगा आरती के दौरान घाट पर मौजूद हजारों श्रद्धालु “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद की सेना” जैसे नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगते नजर आए। आरती में देशभक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला। इस दौरान काशी विश्वनीथ मंदिर से प्रार्थना की गई कि भारतीय सेना आतंकवाद के खिलाफ इसी तरह साहस और पराक्रम दिखाती रहे। आरती से पहले पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए मां गंगा में दीपदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में गंगा सेवा निधि के कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




