पश्चिम चम्पारण में मिलीं दुर्लभ एवं प्राचीन पांडुलिपियां, डीएम ने किया अवलोकन

बेतिया (SHABD):पश्चिम चम्पारण जिले के बेतिया स्थित कालीबाग क्षेत्र में देवप्रकाश पांडेय के आवास से *दुर्गा सहस्रनाम स्तोत्र* सहित कई दुर्लभ एवं प्राचीन पांडुलिपियां मिलने की सूचना पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह मौके पर पहुंचे।
सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इन धरोहरों के संरक्षण को लेकर जिला पदाधिकारी ने स्वयं पांडुलिपियों का अवलोकन किया और उनकी ऐतिहासिक तथा धार्मिक महत्ता पर विशेष चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्राचीन पांडुलिपियां हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण एवं डिजिटलीकरण अत्यंत आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ सकें।
जिला पदाधिकारी ने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों को निर्देश दिया कि पांडुलिपियों का सुरक्षित तरीके से डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में *दुर्गा सहस्रनाम स्तोत्र* एवं अन्य प्राचीन पांडुलिपियों को भारत सरकार की महत्वपूर्ण डिजिटल पहल *‘ज्ञान भारतम ऐप’* पर अपलोड कराया गया, जिससे इन ऐतिहासिक दस्तावेजों को व्यापक स्तर पर संरक्षित और अध्ययन योग्य बनाया जा सके।
डीएम ने कहा कि पश्चिम चम्पारण ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध जिला रहा है। यहां समय-समय पर ऐसी महत्वपूर्ण धरोहरें सामने आती रही हैं, जो भारतीय सभ्यता और ज्ञान परंपरा की गहराई को प्रदर्शित करती हैं।




