मधुबनी में अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन का हुआ शुभारंभ

मधुबनी (SHABD) :मधुबनी नगर भवन में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. लक्ष्मी निवास पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर देश के विभिन्न शहरों से आए ज्योतिषाचार्यों के साथ-साथ नेपाल और भूटान से भी विद्वानों की सहभागिता रही। सम्मेलन में ज्योतिष विद्या से जुड़े विविध विषयों पर चर्चा की गई।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. डॉ. लक्ष्मी निवास पांडेय ने कहा कि ज्योतिष एक वैज्ञानिक विद्या है, जिसके माध्यम से सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ किया जा सकता है। उन्होंने वर्तमान समय में बच्चों की शिक्षा में संस्कारों के समावेश तथा वेद विज्ञान के अध्ययन पर विशेष बल देने की आवश्यकता बताई।
वहीं, कार्यक्रम के आयोजक सुनील श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति को सशक्त बनाने और उसके संरक्षण के उपायों पर व्यापक चर्चा होती है।




