Breaking News

श्रीजी मेला ग्राउंड की जमीन पर निर्माण का विरोध, हिंदू समाज ने सौंपा ज्ञापन

राजगढ़।
जिले के खिलचीपुर क्षेत्र में स्थित श्रीजी मेला ग्राउंड की भूमि पर प्रस्तावित निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। सकल हिंदू समाज के बैनर तले नागरिकों ने मंगलवार को प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज श्रीजी मेला ग्राउंड की भूमि पर वर्षों से धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का आयोजन होता आ रहा है। यह स्थान क्षेत्रवासियों की आस्था का केंद्र भी है। बावजूद इसके, आरोप है कि उक्त भूमि पर अवैध तरीके से सीमांकन कर अतिक्रमण किया जा रहा है तथा वहां नवीन जनपद पंचायत भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नागरिकों का कहना है कि इस निर्णय से न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, बल्कि भविष्य में मेला एवं अन्य आयोजनों के लिए स्थान का अभाव भी उत्पन्न हो जाएगा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में हुई बैठक में कई पार्षदों द्वारा लिखित आपत्ति दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन उसके बावजूद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि मेला ग्राउंड की भूमि का पुनः सीमांकन कर उसे सुरक्षित किया जाए तथा प्रस्तावित निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो समाज द्वारा न्यायालय की शरण ली जाएगी।

Related Articles

Back to top button