“बिहार में घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति, अफवाहों से बचें”- लेशी सिंह

पटना :माननीय मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आज (17-03-2026) विभाग में स्थापित राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। यह नियंत्रण कक्ष राज्य में एलपीजी (घरेलू गैस) आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए स्थापित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे अफवाहों या अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें। किसी समस्या की स्थिति में सीधे राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष या जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर संपर्क करें।
मंत्री ने बताया कि राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर 0612-2233050 है, जो प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक सक्रिय रहेगा। इस नंबर पर पांच हंटिंग लाइन की सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे अधिक संख्या में कॉल का त्वरित समाधान संभव हो सके।
सचिव श्री अभय कुमार सिंह ने बताया कि राज्य में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। सभी अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए जिला पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिन के बाद और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिन के बाद नए गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। विभाग ने आमजन से संयम बनाए रखने और किसी भी समस्या के समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष का उपयोग करने की अपील की है।




