प्यासे को पानी पिलाना ईश्वर की सबसे बड़ी इबादत—जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान
विश्व जल दिवस सप्ताह में देपालपुर में 60 दिवस हेतु निःशुल्क आर.ओ. जल प्याऊ का शुभारंभ, वैश्य समाज की सराहनीय पहल

देपालपुर (इंदौर) – विश्व जल दिवस सप्ताह के अवसर पर वैश्य समाज महासम्मेलन, देपालपुर एवं तहसील विधिक सेवा समिति, देपालपुर के संयुक्त तत्वावधान में नगर में 60 दिवस हेतु निःशुल्क शीतल आर.ओ. जल वितरण (प्याऊ) का शुभारंभ अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तहसील विधिक सेवा समिति, देपालपुर के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीओपी संघप्रिय सम्राट ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी रणजीत सिंह बघेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने अपने प्रेरक उद्बोधन में वैश्य समाज के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस पुनीत जनसेवा कार्य के लिए हृदय से बधाई देते हुए कहाप्यासे को पानी पिलाना केवल मानव सेवा नहीं, बल्कि ईश्वर की सच्ची इबादत है।
उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि ऐसे कार्य सामाजिक संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
अपने सारगर्भित वक्तव्य में उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज जल संकट एक गंभीर वैश्विक चुनौती के रूप में उभर रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह जल का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए उसके संरक्षण के प्रति सजग रहे, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए यह अमूल्य धरोहर सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि विज्ञान चाहे जितनी प्रगति कर ले, किंतु प्रकृति द्वारा प्रदत्त जल जैसी अनमोल संपदा का निर्माण संभव नहीं है, अतः इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर श्री खान ने होली, रमजान एवं लोक अदालत की महत्ता पर अपनी स्वरचित ग़ज़ल के माध्यम से भी उपस्थित जनसमूह को भावविभोर करते हुए प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला न्यायाधीश श्री खान ने विश्व पुनर्चक्रण दिवस के संदर्भ में कचरा प्रबंधन, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे रीसाइक्लिंग की आदत अपनाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा स्वच्छ भारत अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
एसडीओपी संघप्रिय सम्राट ने अपने उद्बोधन में बताया कि विगत वर्ष भी विधिक सेवा समिति एवं वैश्य समाज के सहयोग से नगर में जल वितरण की व्यवस्था की गई थी, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों को लाभ मिला था। इस वर्ष भी यह सराहनीय पहल जनहित में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
थाना प्रभारी रणजीत सिंह बघेल ने नागरिकों से अपील की कि जल का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही करें तथा निःशुल्क उपलब्ध जल का सदुपयोग करते हुए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
युवा जिला प्रभारी मनोज अग्रवाल एवं तहसील अध्यक्ष राज चौधरी ने जानकारी दी कि विगत वर्ष समाज द्वारा लगभग 70,000 से अधिक लोगों के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, और इस वर्ष भी व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएँ की जा रही हैं।
इस अवसर पर नगर परिषद प्रतिनिधि महेश, प्रवीण मोदी, विजय चौधरी, विजय मंडोवरा, पीयूष विजयवर्गीय, नेम कुमार जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं मनोज जैन, सौरभ जैन, शिवम सोनी, हेमंत जे.पी. नागर, अनिल पटेल, पवन मंडोवरा, सतीश मनी मंडोवरा, सुदर्शन जैन, योगेश जैन, धर्मेंद्र और दिलीप यादव सहित समाज के अनेक सदस्यों ने व्यवस्था संचालन में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन मनोज अग्रवाल द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन तहसील अध्यक्ष राज चौधरी ने व्यक्त किया।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहकर समाज में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।




