शहडोल में पत्रकारों का महाकुंभ: “हर चमकदार चीज हीरा नहीं होती, निष्पक्षता ही पत्रकार का असली गहना” – न्यायाधीश
IFWJ का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण: विधायक मनीषा सिंह ने पत्रकारों को बताया विकास का आधार; मेधावी छात्र और समाजसेवी संस्थाएं सम्मानित

शहडोल। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ (IFWJ) की संभागीय, जिला एवं ब्लाक इकाइयों का भव्य शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह 1 मई को जय विलास पैलेस, पाली रोड में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में न्यायपालिका, विधायिका और पत्रकारिता जगत की बड़ी हस्तियों ने एक मंच पर आकर समाज और लोकतंत्र में पत्रकारिता के गिरते स्तर और बढ़ती जिम्मेदारियों पर मंथन किया। माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का आरंभ हुआ।
न्यायाधीश की हिदायत: खबरों की सत्यता सबसे ऊपर
समारोह के मुख्य अतिथि न्यायाधीश हिदायतउल्ला खान (इंदौर) ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में पत्रकारिता को लोकतंत्र का ‘सजग प्रहरी’ बताते हुए कहा, “आज सूचना क्रांति के युग में पत्रकार की भूमिका और भी संवेदनशील हो गई है। याद रखें कि हर चमकदार चीज हीरा नहीं होती, इसलिए सोशल मीडिया के दौर में खबरों की सत्यता की गहन जांच-परख करना अनिवार्य है।” उन्होंने जुआ और सट्टे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ कलम चलाने का आह्वान किया और 9 मई को होने वाली नेशनल लोक अदालत के लाभों पर प्रकाश डाला।
प्रांत महासचिव रामगोपाल बंसल का संबोधन: “पत्रकार हितों के लिए एकजुटता ही एकमात्र मार्ग”
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रांत महासचिव रामगोपाल बंसल ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि आज के चुनौतीपूर्ण समय में पत्रकारों का संगठित रहना आवश्यक है। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा, “IFWJ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों का वह परिवार है जो उनके मान-सम्मान और अधिकारों के लिए सदैव तत्पर रहता है। हमारी ताकत हमारी एकजुटता में है। जब हम मिलकर जनहित के मुद्दों को उठाते हैं, तो शासन-प्रशासन को भी उसे गंभीरता से लेना पड़ता है।” उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र गौतम के विचार: “नारद जी की परंपरा और सामाजिक सेवा”
अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र गौतम ने संगठन के 1950 से चले आ रहे गौरवशाली इतिहास को साझा किया। उन्होंने कहा, “पत्रकारों के प्रेरणास्रोत आदि पत्रकार महर्षि नारद हैं, जिन्होंने संवाद और संतुलन का मार्ग दिखाया। हमें प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य पीड़ित मानवता की सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनना है। उन्होंने पत्रकारों से सामूहिक प्रयासों के जरिए पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा करने का आह्वान किया।
विधायक मनीषा सिंह ने सराहा पत्रकारों का परिश्रम
जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह ने कहा कि शहडोल में इस भव्यता का आयोजन अंचल के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने पत्रकारों के कार्य को ‘जोखिम और मेहनत’ वाला बताते हुए कहा कि उनकी लेखनी ही समाज और देश के विकास की पटकथा लिखती है। विधायक ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंच पर उपस्थित रहे ये दिग्गज (मंचासीन अतिथि)
समारोह में मंच पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रही, जिनमें:
राहुल सिंह राणा (प्रदेश संगठन प्रभारी)
अरविंद द्विवेदी (कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष)
गोपाल दास बंसल (नेशनल काउंसलर)
मनोज सिंह, अनिल द्विवेदी, कमलेश श्रीवास्तव, रामबाबू चौबे, लुकमान अली (वरिष्ठ नेतृत्व)
जुनैद खान (प्रदेश सचिव)
विजय उरमलिया (संभागीय अध्यक्ष)
शैलेन्द्र तिवारी (जिलाध्यक्ष) और अजय पाल (जिला महासचिव)।
मेधावी छात्र और समाजसेवी संस्थाओं का गौरव गान
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करने वाले सितारों और समाज के प्रहरियों को सम्मानित किया गया:
शिक्षा जगत: कक्षा 10वीं में 98% अंक लाकर राज्य मेरिट में आईं अरायना गुप्ता, जिला मेरिट की राधिका गुप्ता (97.8%) और कक्षा 12वीं कला संकाय में राज्य मेरिट प्राप्त माही मिश्रा (96.6%) को गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र दिए गए। साथ ही सर्विका शुक्ला, सरिता राय, अभि दास रॉय, नादिया रोशन और रिमझिम मिश्रा भी सम्मानित हुईं।
सामाजिक संस्थाएं: समाजसेवा के लिए लीनस क्लब शहडोल डायमंड (मेघा गुप्ता व निकिता सोनी), दिव्य मुस्कान (छाया गुप्ता), कायस्थ समाज (रमा निगम), दिशा वेलफेयर एसोसिएशन (रुपाली सिंघई) और अटल कामधेनु गौ सेवा संस्थान (गौरव मिश्रा) को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए नवाजा गया।
सैकड़ों पत्रकारों की उपस्थिति
कार्यक्रम का सफल संचालन राहुल सिंह राणा और संभागीय उपाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। आयोजन में अखिलेश पाण्डेय, विश्वास हलवाई, संजीव निगम, विष्णु प्रताप सिंह सहित शहडोल, अनूपपुर और उमरिया जिले की ब्लॉक इकाइयों के सैकड़ों पत्रकार साथी उपस्थित रहे। अंत में सामूहिक आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ।
