छत्तीसगढ़

गढ़फुलझर नानकसागर में होला मोहल्ला समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

नानकसागर को आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में होगा समुचित विकास
रायपुर। महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक और पवित्र स्थल गढ़फुलझर के नानकसागर में आयोजित होला मोहल्ला समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव Sai शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पवित्र गुरु ग्रन्थ साहिब के समक्ष माथा टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष कीर्तन समागम और अरदास में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। सिख समाज की ओर से उन्हें सरोपा भेंट कर आत्मीय सम्मान भी प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर की पावन धरती पर स्थित नानकसागर अत्यंत श्रद्धा और आस्था का केंद्र है, जहां पूज्य गुरु नानक देव के चरण पड़े थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ संतों और महापुरुषों की तपोभूमि रही है, जहां से मानवता, सेवा, प्रेम और सद्भाव का संदेश निरंतर प्रसारित होता रहा है। इस पवित्र स्थल पर आकर उन्हें विशेष आत्मिक शांति और गौरव की अनुभूति हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण तथा समुचित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में गढ़फुलझर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की जा चुकी है। इसके विकास कार्यों के लिए लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है और निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए और नानकसागर क्षेत्र में आवश्यक पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि यह स्थान प्रदेश ही नहीं बल्कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सके।
बसना विधायक संपत अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सिख समाज सदैव सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ समाज के कल्याण में योगदान देता रहा है। उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर केवल सिख समाज की आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि यह सर्वधर्म समभाव, भाईचारे और सामाजिक सद्भावना का जीवंत प्रतीक है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित सिख समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने समारोह को श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह से परिपूर्ण बना दिया।

Related Articles

Back to top button