Breaking News

कुंडलियां नल-जल योजना का औचक निरीक्षण आगामी 3 माह में सभी 534 गांवों में जलापूर्ति शुरू करने के दिए निर्देश

 

 

राजगढ़    जल निगम के प्रबंध संचालक श्री के.वी.एस. चौधरी एवं अतिरिक्त परियोजना निदेशक श्री पी.के. रघुवंशी द्वारा कुंडलियां नल-जल समूह योजना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक श्री चौधरी ने ग्राम गुराडिया में जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया तथा ग्रामवासियों से संवाद कर सप्लाई की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत ग्राम काशीखेड़ी में आमजन को पेयजल का सदुपयोग करने, अनावश्यक बर्बादी रोकने हेतु नलों में टोंटियां लगाने एवं टिल्लू पंप का उपयोग न करने हेतु समझाइश दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे प्रत्येक घर में एकसमान जलापूर्ति नहीं हो पाती है, अतः नियमों का पालन अनिवार्य है।

इसके बाद ग्राम चाटक्या में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय टंकी के कार्य का निरीक्षण किया गया। जहां पर अतिरिक्त परियोजना निदेशक श्री रघुवंशी ने निर्माण गुणवत्ता, प्रगति एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। जीरापुर से छापीहेड़ा रोड पर ग्राम काशीखेड़ी, मोहन, दरियापुर में एनएच/पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन सड़क कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त की गई पेयजल पाइपलाइन का भी मौके पर निरीक्षण किया गया।

प्रबंध संचालक श्री चौधरी ने संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की तत्काल मरम्मत एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यएजेंसी एल एंड टी को निर्देश दिए कि आगामी 3 माह में शेष सभी कार्य पूर्ण कर योजना अंतर्गत सभी 534 गांवों में नियमित जलापूर्ति प्रारंभ की जाए। साथ ही संचालन एवं संधारण कार्यों में सेवा स्तर मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Back to top button