Breaking News

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस राजगढ़ का बीओएटी से एमओयू विद्यार्थियों को मासिक स्टाइपेंड सहित रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण 

राजगढ़ उच्च शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ उद्योग आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम को राज्य स्तर पर विस्तार दिया गया है। शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में 85 महाविद्यालयों, 5 शासकीय विश्वविद्यालयों एवं 3 निजी विश्वविद्यालयों ने इस योजना के अंतर्गत सहभागिता करते हुए बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग, पश्चिमी क्षेत्र, मुंबई के साथ एमओयू संपन्न किया है। इसी क्रम में भोपाल स्थित सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग, पश्चिमी क्षेत्र, मुंबई एवं प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ के मध्य औपचारिक एमओयू संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे एवं पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. प्रकाश कुमार अहिरवार उपस्थित रहे।

 

एमओयू का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्नातक अध्ययन के दौरान ही उद्योगों से जोड़ना, उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा रोजगार के लिए सक्षम बनाना है। तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप अवधि के दौरान प्रति माह निर्धारित स्टाइपेंड राशि प्रदान की जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग का लक्ष्य वर्ष 2026-27 तक 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ना है। एईडीपी लागू करने वाले संस्थानों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

 

वर्तमान सत्र 2025-26 में महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग अंतर्गत बी.कॉम. इन बीएफएसआई पाठ्यक्रम संचालित है, जिसके प्रथम वर्ष में 16 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। यह पाठ्यक्रम बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं एवं बीमा क्षेत्र में व्यावहारिक दक्षता प्रदान करता है। उल्लेखनीय है कि यह रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम जिले के अग्रणी महाविद्यालय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, राजगढ़ में ही संचालित किया जा रहा है। एमओयू संपन्न होने पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा बीएफएसआई विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त किया। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से आह्वान किया है कि आगामी सत्र में अधिक से अधिक विद्यार्थी इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।

 

 

Related Articles

Back to top button