मध्यप्रदेश

जीतू पटवारी शहडोल में गरजे: जयस्तंभ से निकली जन आक्रोश रैली, कलेक्टर न मिलने पर विधायकों से दिलवाया ज्ञापन

 

शहडोल में शुक्रवार को कांग्रेस की जन आक्रोश रैली के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दोपहर 3 बजे जयस्तंभ पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। तय कार्यक्रम के अनुसार वे जयस्तंभ से आंबेडकर चौक तक गए और माल्यार्पण किया। इसके बाद पैदल रैली निकालते हुए पुनः जयस्तंभ पहुंचकर सभा को संबोधित किया।

अपने संबोधन में पटवारी ने हाल ही में 17 साल 8 महीने के किशोर को जेल भेजे जाने के मामले को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इसे प्रशासन की बड़ी लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे किशोर की बोर्ड परीक्षा प्रभावित हुई है। कांग्रेस ने इस मामले में जिला प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की। इसके अलावा धनपुरी में लंबे समय से चल रही शुद्ध पेयजल समस्या को भी रैली का अहम मुद्दा बनाया गया।

सभा के बाद कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट तक मार्च करते हुए पहुंचे। उस समय कलेक्टर डॉ. केदार सिंह भोपाल में बैठक में होने के कारण मौजूद नहीं थे। ज्ञापन लेने के लिए एसपी रामजी श्रीवास्तव, एडीएम सरोधन सिंह और जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर की अनुपस्थिति पर नाराज पटवारी अधिकारियों के पास न जाकर करीब 10 मीटर दूर एक चबूतरे पर खड़े रहे। उन्होंने एसपी से माइक की मांग की, लेकिन पुलिस द्वारा व्यवस्था न होने की बात कहने पर कांग्रेस नेताओं ने स्वयं माइक की व्यवस्था की। इसके बाद पटवारी ने कलेक्टर पर निशाना साधते हुए अपनी बात रखी और विधायकों व जिला अध्यक्ष को आगे बढ़ाकर ज्ञापन दिलवाया। रैली को लेकर शहर में दिनभर राजनीतिक हलचल बनी रही।

Related Articles

Back to top button