वरिष्ठ नागरिकों के लिए समग्र स्वास्थ्य शिविर आयोजित, योग व स्वास्थ्य परीक्षण से मिला लाभ
स्टेट एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजन अंतर्गत शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए हॉलिस्टिक वेल बीइंग कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर डॉ. ज्योति राजोरे रहीं। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. आर.एन. गर्ग, पेंशनर संघ के अध्यक्ष श्री दिनेश नागर एवं श्री पी.डी. सक्सेना सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों का हालचाल जाना और उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा वृद्धाश्रम में निवासरत सभी वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रक्तचाप, शुगर सहित अन्य सामान्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आयुष विभाग की टीम ने योग सत्र का आयोजन कर प्राणायाम, हल्के व्यायाम एवं ध्यान की विधियां सिखाईं।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ रखना है। योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।



