मध्यप्रदेश

धनपुरी में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल, सड़कों पर बढ़ा हादसों का खतरा

 

धनपुरी।  (मोहम्मद असलम बाबा) शहडोल जिले सहित धनपुरी नगर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीते कुछ दिनों से लगातार गिरते तापमान और सुबह-शाम छाई धुंध के कारण धनपुरी, बुढ़ार, अमलाई, पेपर मिल चचाई सहित आसपास के क्षेत्रों में दृश्यता बेहद कम हो गई है। सुबह घर से निकलते ही ऐसा प्रतीत होता है कि कहीं सामने से आ रहे किसी व्यक्ति या वाहन से टक्कर न हो जाए।
घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की जा रही है। सड़कों पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। खासकर सड़कों पर बैठे आवारा पशुओं के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। हाल ही में कोहरे के कारण एक कार चालक को रास्ता नजर नहीं आया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
धनपुरी कोयलांचल क्षेत्र होने के कारण खदानों से निकलने वाले कोयले की भरपूर उपलब्धता रहती है। ठंड से बचाव के लिए नगर में बड़ी संख्या में सिगड़ियां जलाई जा रही हैं, जिससे धुआं और कोहरा मिलकर वातावरण को और अधिक घना बना रहे हैं। इसके चलते सड़क दुर्घटनाओं की आशंका और भी बढ़ गई है।
ठंड और कोहरे का असर स्कूल जाने वाले बच्चों, कामकाजी लोगों और बुजुर्गों पर साफ नजर आ रहा है। सुबह के समय आवागमन में भारी परेशानी हो रही है, वहीं राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, जिससे कोहरे की स्थिति और गंभीर होने की संभावना है। प्रशासन और आम नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button