राजस्‍थान

केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने अलवर के चहुंमुखी विकास एवं अलवर टाइगर मैराथन के आयोजन के संबंध में बैठक ली— अलवर के चहुंमुखी विकास एवं पर्यटन को आगे बढाने में जनसहभागिता निभाने का किया आह्वान

जयपुर। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं श्री भूपेंद्र यादव ने 8 फरवरी को आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन एवं अलवर के चहुंमुखी विकास के संबंध में शनिवार को अलवर में बैठक कर विस्तृत चर्चा की।

श्री यादव ने कहा कि अलवर को विकास, पर्यटन, खेल एवं शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में अग्रणी बनाने के लिए सतत प्रयास जारी हैं। इसके लिए जिले के सभी वर्गों से मिल रहे सुझावों से मदद मिलेगी। इसमें सबकी सहभागिता एवं समन्वय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अलवर को स्वच्छ बनाने के साथ पर्यटन के क्षेत्र में विश्व पटल पर लाने के उद्देश्य से 8 फरवरी को पहली बार अलवर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन आयोजित होगी, जिसमें देश-विदेश के विख्यात खिलाडी भाग लेंगे। जिसके आयोजन में पूरा जिला मेजबान रहेगा। इसके सफल आयोजन के लिए उन्होंने प्रशासन, सामाजिक संस्था, उद्योग संघ, होटल एसोसिएशन एवं सभी नागरिकों से समन्वय के साथ इसकी व्यवस्थाओं में सहयोग करने के लिए आह्वान किया।

उन्होंने अलवर के सडक व रेल तंत्र को मजबूत करने के लिए स्वीकृत कार्यों, डेयरी के विस्तार, महिला स्वयं समूहों के माध्यम से महिला आर्थिक सशक्तीकरण, खेल सुविधाओं के विस्तार, ई-लाइब्रेरी पहल, शहर की स्वच्छता व सौन्दर्यकरण, नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं में बढ़ोतरी आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा कर इन विषयों पर आए सुझावों को आगे बढ़ाने की बात कही।

उन्होंने राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक कर महाविद्यालयों में शैक्षणिक, भौतिक व खेल सुविधाओं के विकास, ई-गुरूकुल आदि विषयों के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के साथ अन्य फण्ड से महाविद्यालयों में विकास कार्य करवाए जाएंगे । इसके लिए महाविद्यालय के विकास फण्ड का समुचित उपयोग करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, अर्ध सैनिक बलों के अधिकारी, राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य, उद्योग संघ, होटल एसोसिएशन एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित अन्य प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button