उत्तराखंड: राज्यपाल से की मत्स्य उद्यमी मोहन सिंह बिष्ट ने भेंट

देहरादून:लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से चमोली जिले के रहने वाले मत्स्य पालन उद्यमी मोहन सिंह बिष्ट ने भेंट की। मोहन सिंह बिष्ट वर्ष 2017 से विकासखंड देवाल में ट्राउट मछली पालन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे स्थानीय लोगों, विशेषकर युवाओं को मत्स्य पालन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल को बताया कि ट्राउट मछली की बाजार में अत्यधिक मांग है और उनके द्वारा उत्पादित मछली आईटीबीपी एवं एसएसबी को आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मत्स्य पालन से उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है। साथ ही उन्होंने अपने गांव में इंटीग्रेटेड फार्मिंग (एकीकृत कृषि) शुरू करने के लिए सहयोग का अनुरोध किया।
राज्यपाल ने मोहन सिंह बिष्ट के प्रयासों को राज्य के लिए एक अनुकरणीय पहल बताते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी दिशा में कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की नवाचारी सोच और उद्यमशीलता ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।




