बिहार-झारखण्‍ड

पटना: विदेश सेवा अधिकारियों ने श्रमिक कल्याण विभाग का दौरा किया

पटना : प्रवेशकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों ने राज्य भ्रमण के दौरान आज श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार का दौरा किया और विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर अधिकारियों में श्री अमन पटेल, श्री केशव राज, श्री वैभव कुमार, सुश्री देविका प्रियदर्शिनी, श्री मयंक भारद्वाज और श्री मोनू शर्मा शामिल थे। उन्होंने विभाग के विशेष सचिव श्री सुनील कुमार यादव और श्रमायुक्त श्री राजेश भारती के साथ शिष्टाचार मुलाकात की।

विशेष सचिव सुनील कुमार यादव ने निर्माण क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण हेतु बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधन) योजना, 2024, और गिग वर्कर्स के लिए संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्यों और प्रभावों पर प्रकाश डाला।

श्रमायुक्त श्री राजेश भारती ने केंद्र सरकार द्वारा लागू चार श्रम संहिताओं की जानकारी दी और उनके प्रावधानों एवं श्रमिकों के लिए महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि विदेश में कार्य करने वाले श्रमिकों को PDOT (प्री-डिपार्चर ओरिएंटेशन ट्रेनिंग) के माध्यम से आवश्यक जानकारी, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।

उन्होंने कहा कि भाषाई और सांस्कृतिक बाधाओं को दूर करने के लिए विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे प्रवासी श्रमिक अंतरराष्ट्रीय कार्यस्थलों पर सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से कार्य कर सकें और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और विदेशों में कार्यरत भारतीय श्रमिकों की स्थिति, चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के समापन पर विशेष सचिव और श्रमायुक्त ने सभी अधिकारियों को श्रमिक सम्मान और संघर्ष के प्रतीक दशरथ मांझी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। बैठक में विभाग के अन्य वरीय अधिकारी और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button