मध्यप्रदेश

Exclusive -अखिल भारतीय गोल्ड कप में मुंबई और राजस्थान पुलिस का दबदबा

बैंक ऑफ़ बड़ौदा मुंबई ने शहडोल को 6–0 से दी शिकस्त,

राजस्थान पुलिस ने आरकेएम आश्रम को 3–1 से हराया

सुभाष स्टेडियम में कोहरे और धूप के बीच फुटबॉल का रोमांच चरम पर

*मोहम्मद असलम (बाबा)*

धनपुरी | (दैनिक विश्व की महिमा)
नगर पालिका परिषद धनपुरी के तत्वावधान में सुभाष स्टेडियम क्रमांक–3 में आयोजित अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में 4 जनवरी को खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। देशभर की नामी टीमों की भागीदारी से यह टूर्नामेंट पूरे संभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में खेल प्रेमी मैदान के चारों ओर बैठकर उच्च स्तरीय फुटबॉल का आनंद उठा रहे हैं।
कोहरे की चादर में लिपटा मैदान
4 जनवरी की सुबह मैदान पर घना कोहरा छाया रहा। सूर्य की किरणें देर तक कोहरे से जूझती रहीं। दोपहर 12 बजे के बाद हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन उसकी चमक कमजोर रही। इसके बावजूद खिलाड़ियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
पहला मुकाबला: बैंक ऑफ़ बड़ौदा मुंबई का एकतरफा प्रदर्शन
पहला मैच डीएफए शहडोल और बैंक ऑफ़ बड़ौदा मुंबई के बीच खेला गया। शुरुआती मिनटों में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन जल्द ही बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने मैच पर पूरा नियंत्रण कर लिया। तेज पासिंग और सटीक फिनिशिंग के दम पर मुंबई की टीम ने शहडोल को 6–0 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
रेफरी दल
मुख्य रेफरी: गौरव पांचे (बालाघाट)
सहायक रेफरी: शेख कुनैन (अमलाई), प्रिंस कुमार (सिंगरौली)
फोर्थ ऑफिशियल: शाहरुख खान (टीकमगढ़)
मैच कमिश्नर: नीरज शर्मा
उद्घाटन अवसर पर अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
मैच के शुभारंभ अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नगर पालिका पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत बैज लगाकर किया गया तथा दीप प्रज्वलन के साथ मुकाबले का शुभारंभ हुआ। मंचीय कार्यक्रम का संचालन सहायक लेखा अधिकारी पीयूष द्विवेदी ने किया।
अपने संबोधन में अजय अवस्थी ने टूर्नामेंट को जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बड़ा मंच प्रदान कर रहा है।
दूसरा मुकाबला: राजस्थान पुलिस ने दिखाई दमदार वापसी
दूसरा मैच राजस्थान पुलिस राजस्थान और आरकेएम आश्रम नारायणपुर के बीच खेला गया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मध्यांतर तक दोनों टीमें 1–1 की बराबरी पर थीं, लेकिन मध्यांतर के बाद राजस्थान पुलिस ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 3–1 से जीत दर्ज की।
इस मैच के मुख्य अतिथि कोल माइंस ऑफिसर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईसीएल) के वाइस प्रेसिडेंट अजय द्विवेदी रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने नगर पालिका परिषद की सराहना करते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट खेल के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा दे रहा है।
आयोजन की सफलता में जुटी पूरी टीम
मैदान की तैयारी, रखरखाव और समयबद्ध मैच संचालन में नगर पालिका की टीम और आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन समिति में अध्यक्ष रविंद्र कुमार छाबड़ा, उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल, सचिव एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा बुनकर, तकनीकी सलाहकार मनोज श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष पीयूष द्विवेदी सहित समस्त पार्षद सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
मैच का आंखों-देखा हाल प्रसिद्ध कमेंटेटर अजय द्विवेदी और कलाम मोहम्मद एडवोकेट द्वारा सुनाया जा रहा है, जिसे दर्शकों से खूब सराहना मिल रही है।
कूपन बिक्री ने बढ़ाया उत्साह
टूर्नामेंट के दौरान ₹10 और ₹100 के कूपन जारी किए गए हैं। ₹10 कूपन पर मोबाइल, एलईडी टीवी, जूसर-ग्राइंडर सहित कई पुरस्कार घोषित किए गए हैं, जबकि ₹100 कूपन पर दो बाइक के इनाम रखे गए हैं। कूपन बिक्री केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ी और पहले ही दिन सैकड़ों कूपन बिक गए।
कल के मुकाबले (5 जनवरी)
पहला मैच: ईजी बैंगलोर बनाम राजस्थान पुलिस — समय: 11:30 बजे
दूसरा मैच: साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे नागपुर बनाम नेशनल फुटबॉल क्लब मऊ — समय: 2:00 बजे

Related Articles

Back to top button