राजगढ़ में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ यूनिटी मार्च की तैयारी, तीन पद यात्राओं का होगा आयोजन

राजगढ़ में सोमवार को भाजपा ने ‘एक भारत, आत्मनिर्भर भारत’ विषयक यूनिटी मार्च को लेकर प्रेसवार्ता की। दोपहर 1 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर ने देश के पहले उप प्रधानमंत्री और स्वतंत्रता सेनानी सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उनकी याद में निकाली जाने वाली पदयात्राओं का ऐलान किया।
सांसद ने बताया कि, “सरदार पटेल ने आज़ादी के समय 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर, जातिवाद, भाषा वाद, क्षेत्रवाद और संप्रदायवाद जैसी विभाजनकारी ताकतों को परास्त किया। उन्होंने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया। उनकी स्मृति में इस पदयात्रा के माध्यम से हम भी यही संदेश आम जनता तक पहुंचाएंगे। यह कदम हमें एकजुटता और राष्ट्रभक्ति की ओर प्रेरित करेगा।”
राजगढ़ जिले में तीन प्रमुख पद यात्राएँ आयोजित की जाएँगी:
पिपलिया रसोड़ा से पचोर तक
गोघटपुर से सोयत तक
देवलखेड़ा से करनवास तक
सांसद ने नागरिकों, कर्मचारियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे इन पद यात्राओं में शामिल होकर कदम से कदम मिलाकर सरदार पटेल की स्मृति और उनके संदेश को आगे बढ़ाएँ। प्रत्येक पदयात्रा करीब 5-6 घंटे की होगी और लगभग 10 किलोमीटर का मार्ग तय करेगी। यह यात्राएँ 11 नवंबर को प्रारंभ होकर 13 नवंबर को समापन करेंगी।
सांसद ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश है। यह यात्राएँ लोगों को सरदार पटेल के आदर्शों और राष्ट्रप्रेम से जोड़ने का एक प्रयास हैं।

