कजाकिस्तान में प्लेन क्रैश, 38 लोगों की मौत

अस्ताना| कजाकिस्तान के अक्ताऊ में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक पैसेंजर प्लेन क्रैश हो गया। न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक हादसे में 38 लोगों की मौत की जानकारी मिली है। हादसे के करीब 10 घंटे बाद रात 9:30 बजे कजाक उप-प्रधानमंत्री कनात बोजुम्बाएव ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक प्लेन में 62 यात्री और 5 क्रू मेंबर्स थे। विमान अजरबैजान से रूस के चेचन्या प्रांत की राजधानी ग्रोज्नी जा रहा था, लेकिन उसे कजाख शहर अक्ताऊ से लगभग 3 किमी दूर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस दौरान प्लेन क्रैश होकर दो टुकड़ों में बंट गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई।
एजेंसियों के मुताबिक घने कोहरे के चलते फ्लाइट का रूट बदला गया था। प्लेन ने क्रैश होने से पहले एयरपोर्ट के कई चक्कर लगाए थे। पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन भी मांगी थी। हालांकि बाद में उसे एयरपोर्ट के पास बीच पर इमरजेंसी लैंडिंग के लिए मजबूर होना पड़ा।
क्रैश हुआ विमान अजरबैजान एयरलाइंस का एम्ब्रेयर 190 मॉडल था। कजाकिस्तान के इमरजेंसी मंत्रालय के मुताबिक कुल 52 रेस्क्यू टीम और 11 रेस्क्यू इक्विपमेंट्स दुर्घटनास्थल पर भेजे गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्लेन के एक पक्षी के टकराने से उसके ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, जिससे प्लेन क्रैश हुआ। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फुटेज में प्लेन में क्रैश के बाद ही आग लगती दिख रही है। उससे पहले आग या धुआं दिखाई नहीं दे रहा है।
कजाकिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि वे कुछ तकनीकी खराबियों के एंगल से भी क्रैश जांच कर रहे हैं। साथ ही पूरे मामले में सेफ्टी रेगुलेशन के उल्लंघन का केस शुरू किया गया है।