चुनावदेश

केंद्र ने 5 राज्यों के राज्यपाल बदले

नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने मंगलवार शाम को तीन राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है, जबकि दो राज्यों में राज्यपालों की अदला-बदली की। पूर्व गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को मणिपुर का राज्यपाल और पूर्व सेना प्रमुख वी के सिंह को मिजोरम का नया गवर्नर बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. हरि बाबू कंभमपति को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया है।

उधर, बिहार और केरल के राज्यपालों की अदल-बदली की गई। केरल के मौजूदा राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का और बिहार के मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को केरल भेजा गया है।

पूर्व गृह सचिव हैं भल्ला

अजय कुमार भल्ला पूर्व गृह सचिव रह चुके हैं। सर्विस के दौरान केंद्र सरकार ने 4 बार उनका सेवा विस्तार किया था। अजय कुमार को लंबा प्रशासनिक अनुभव है। उनकी मणिपुर में नियुक्ति इस नजरिए से भी खास समझी जा सकती है है कि मणिपुर में मई 2023 में जातीय हिंसा शुरु हुई थी जो अब भी जारी है। मणिपुर हिंसा को 600 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान अब तक 237 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 1500 से ज्यादा लोग जख्मी हुए, 60 हजार लोग घर छोड़कर रिलीफ कैंप में रह रहे हैं। अब तक 11 हजार FIR दर्ज की गईं हैं और 500 लोगों को अरेस्ट किया गया है। पूरे राज्य में सेंट्रल आर्म्ड फोर्सेज की 288 कंपनियों में करीब 40 हजार जवान तैनात हैं।

जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह ऐसे पहले आर्मी चीफ हुए, जिन्होंने कमांडो की ट्रेनिंग ले रखी है। जनरल सिंह आजाद हिंदुस्तान के 26वें आर्मी चीफ रहे हैं। जनरल के पिता आर्मी में ही कर्नल और दादा जूनियर कमीशंड ऑफिसर थे। 16 दिसंबर 1971 के भारत-पाकिस्तान वॉर में वी के सिंह भी शामिल हुए थे। सिंह को ऑपरेशन पवन के दौरान उनकी विशिष्ट सेवा के लिए परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। वे मोदी सरकार में दो बार 2014-19 तक विदेश राज्य मंत्री रहे। दूसरी बार 2019-24 तक नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे।

राज्य मौजूदा राज्यपाल नई नियुक्ति
मिजोरम डॉ. हरिबाबू कंभमपति         पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह
मणिपुर लक्ष्मण आचार्य        अजय कुमार भल्ला
अनुसुइया उइके को हटाने के बाद आचार्य को प्रभार दिया गया था।
ओडिशा रघुवर दास (इस्तीफा दिया)            डॉ. हरि बाबू कंभमपति
बिहार राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर                    आरिफ मोहम्मद खान
केरल आरिफ मोहम्मद खान                       राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर

Related Articles

Back to top button
× click to chat whatsapp