विधानसभा सत्र: खाद संकट पर चर्चा नहीं चाहती सरकार: कांग्रेस
भोपाल| मध्यप्रदेश विधानसभा के पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र का सोमवार को आगाज हो गया। पहले दिन प्रश्नकाल के बाद कांग्रेस ने हंगामा करते हुए वॉकआउट कर दिया। ध्यानाकर्षण के बाद सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
दरअसल, सदन की कार्यवाही से पहले बुधनी से भाजपा विधायक रमाकांत भार्गव और अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विजयपुर से निर्वाचित विधायक मुकेश मल्होत्रा सदन में नहीं पहुंचे, इसलिए उनकी विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ आज नहीं हो पाई।
प्रश्नकाल में केवल दो प्रश्न ही हो पाए। विधायक सुरेश राज्य और विधायक जयवर्धन सिंह ने अपने क्षेत्र में हुए कार्यों को लेकर सवाल किए। इसके बाद प्रश्नकाल खत्म हो गया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शून्यकाल में खाद संकट पर बात करना चाहते थे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बांग्लादेश का मुद्दा उठा दिया, जिस पर कांग्रेस ने कहा- सरकार खाद संकट पर चर्चा ही नहीं करना चाहती। इसके बाद कांग्रेस ने हंगामा करते हुए वॉकआउट कर दिया।
पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने सागर के माल्थोन के एक स्कूल में बच्चे के यौन शौषण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस तरह की घटनाएं कई स्कूलों में हो रही हैं। अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं के नाम पर व्यापार चल रहा है। पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने स्कूल शिक्षा मंत्री से कहा, जो जवाब सदन में दिया जाए उसे चेक कर क्लियर कर लिया करें। ये नहीं कि अफसरों ने जो लिखकर दे दिया मंत्रीजी ने उसे मान लिया। मैं भी विधायक हूं। विधानसभा से बाहर निकलने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, भाजपा सरकार के संरक्षण में पूरे प्रदेश में कई लोग नकली खाद बेच रहे हैं। सरकार इसे रोके।