Breaking News

स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में इंदौर पुलिस का एक और बड़ा कदम, क्राइम व घटनाओं के हॉट स्पॉट चिन्हित कर, पुलिस करेगी डाटा आधारित प्रिवेंटिव पुलिसिंग

 

इंदौर। शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसिंग को आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 28 नवंबर 2026 को पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली गई। बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

*बैठक में कौन-कौन रहे मौजूद ?*

 

बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी सहित नगरीय क्षेत्र के समस्त पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त उपस्थित रहे।

 

*क्या है नया क्राइम एनालिसिस सिस्टम ?*

 

बैठक में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विकसित किए जा रहे एक विशेष सॉफ्टवेयर आधारित क्राइम एनालिसिस सिस्टम पर विस्तृत रूप से चर्चा हुई।

 

इस सिस्टम में विगत वर्षों के अपराधों, हिस्ट्रीशीटर एवं निगरानी बदमाशों, अपराध स्थलों, घटनाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित डाटा का विश्लेषण किया जाएगा।

 

इस सिस्टम के जरिए अपराधों के स्थान, समय एवं प्रकार के आधार पर क्राइम हॉट स्पॉट चिन्हित किए जा सकेंगे। जिससे संबंधित क्षेत्रों में पहले से ही प्रभावी पेट्रोलिंग, चेकिंग एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा सकेगी।

 

*अब पेट्रोलिंग की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग*

 

सिस्टम की एक महत्वपूर्ण विशेषता पुलिस की मैदानी गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग है। इसके माध्यम से पेट्रोलिंग, गश्त, चेकिंग एवं नाकाबंदी की निगरानी के साथ ही बीट पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों द्वारा की जा रही चेकिंग / पेट्रोलिंग, उन्हें दिए गए निर्धारित पॉइंट्स पर की जा रही कार्रवाई की प्रभावी समीक्षा भी की जा सकेगी।

 

*AI का भी होगा उपयोग*

 

उक्त सिस्टम वर्तमान में प्रारंभिक परीक्षण एवं आकलन के चरण में है, जिसे विभिन्न पैमानों पर परखने के बाद आगामी माह से ट्रायल रूप से लागू करने की तैयारी है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी उपयोग कर उपलब्ध डाटा के आधार पर अपराधों की संभावनाओं का बेहतर विश्लेषण एवं उनकी रोकथाम की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

 

*पुलिस आयुक्त ने दिए ये अहम निर्देश -*

 

▪️ थाना क्षेत्रों के हॉट स्पॉट एवं शैडो एरिया में जनभागीदारी से सामुदायिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना को गति दी जाए तथा नागरिकों के साथ संवाद बैठकें आयोजित की जाएं।

 

▪️ अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जाए। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में रहकर इसकी मॉनिटरिंग करें।

 

▪️ लंबित अपराधों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा बीट एवं माइक्रो बीट व्यवस्था को और सक्रिय बनाया जाए।

 

▪️ अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त अपराधियों को चिन्हित कर उनके नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाए।

 

▪️ पीक आवर्स में प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष कार्ययोजना के तहत कार्य किया जाए।

 

▪️ शादी-विवाह आयोजनों के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था तथा डीजे संचालकों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।

 

▪️ पुलिस विभाग में अनुशासन एवं कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए अनुशासनहीनता से संबंधित विभागीय प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

▪️ मोहल्ला समितियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात जागरूकता एवं सामुदायिक पुलिसिंग में आमजन की सहभागिता बढ़ाई जाए।

 

*पुलिस आयुक्त ने कहा -*

 

पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के लिए तकनीक का अधिकाधिक उपयोग, पुलिस की मैदानी सक्रियता और जनभागीदारी आवश्यक है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करें

Related Articles

Back to top button