Breaking News

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन

 

राजगढ़  भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिले में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया।कार्यक्रम में सांसद श्री रोडमल नागर, राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव, नरसिंहगढ़ विधायक श्री मोहन शर्मा, खिलचीपुर विधायक श्री हजारीलाल दांगी, पूर्व राज्य मंत्री श्री बद्रीलाल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक श्री प्रताप मंडलोई, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं श्री गजराज सिंह भिलाला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, विधायक खिलचीपुर श्री हजारीलाल दांगी, सांसद श्री रोडमल नागर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके अदम्य साहस, संघर्ष, सामाजिक चेतना एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

 

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं लोककला पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर जनजातीय समाज के प्रबुद्धजनों को उनके योगदान एवं उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया गया। आयोजन के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति, परंपराओं एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

 

साथ ही कार्यक्रम के अंत में मंच से भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत श्री ओमप्रकाश भिलाला, श्री सुरेश कुमार भिलाला एवं श्री रोहित भिलाला तथा टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत श्री अर्जुन भिलाला, श्रीमती हेमलता भिलाला एवं श्रीमती मोनिका भिलाला को ऋण स्वीकृति एवं वितरण संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान कर लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर हितग्राहियों को स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

इसी प्रकार मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंच से कु. हेमलता भिलाला (कक्षा 10वीं) को 93.6 प्रतिशत, श्री पिंटू वर्मा को 94 प्रतिशत, कु. नेहा को 92.4 प्रतिशत एवं श्री राहुल वर्मा को 88 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाली छात्राओं को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इनमें कन्या सीनियर छात्रावास, पचोर की छात्राएं अतिका, करीना, रवीना, ज्योति, पायल, टीना, अर्चना एवं खुशी तथा वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या सीनियर छात्रावास, राजगढ़ की छात्राएं निकिता, मनीषा, वंदना, अर्चना एवं शीतल शामिल रहीं। मंच से सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी प्रतिभा, उत्साह एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता की सराहना की गई।

Related Articles

Back to top button