Breaking News

स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को मिल रहा संपत्ति का कानूनी अधिकार और सम्मान – राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल

    राजगढ़ ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार दिलाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा स्वामित्व योजना के माध्यम से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को सारंगपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत भटखेड़ी में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल की उपस्थिति में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं निःशुल्क पंजीयन (रजिस्ट्री) 2026 कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने ग्रामीणों को स्वामित्व योजना के उद्देश्य, अधिकार अभिलेख एवं निःशुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया तथा इससे मिलने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने किसान भाइयों एवं हितग्राहियों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख एवं निःशुल्क पंजीयन (रजिस्ट्री) के दस्तावेज वितरित किए एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए पटवारियों को सम्मानित किया। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। इससे ग्रामीण नागरिकों को अपनी संपत्ति का आधिकारिक दस्तावेज मिलेगा, जिससे संपत्ति संबंधी विवादों में कमी आएगी तथा बैंकिंग एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों में भी उन्हें सुविधा मिलेगी। यह योजना ग्रामीणों को अधिकार संपन्न बनाने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान के कल्याण तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ मिले और उसका जीवन अधिक सुरक्षित एवं समृद्ध बने।

Related Articles

Back to top button