करैरा में 11 हजार महिलाओं की भव्य कलश यात्रा आज, 24 अक्टूबर से होगी बागेश्वर सरकार की श्रीराम कथा 26 बीघा में विशाल पंडाल, दो लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था; सुरक्षा में तैनात रहेंगे 1200 पुलिसकर्मी
शिवपुरी/करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा में 24 से 30 अक्टूबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा से पहले गुरुवार, 23 अक्टूबर को 11 हजार महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
कलश यात्रा कृषि मंडी परिसर में स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर करैरा के मुख्य बाजार से गुजरते हुए बगीचा धाम स्थित श्रीराम राजा सरकार धाम पहुंचेगी। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना की जाएगी। यात्रा में साधु-संतों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। नगर में विभिन्न स्थानों पर कलश यात्रा का स्वागत भी किया जाएगा।
दो लाख श्रद्धालुओं के लिए 26 बीघा में विशाल पंडाल
श्रीराम कथा के प्रमुख यजमान पं. राजेश दुबे ‘भोला महाराज’ के अनुसार, कथा स्थल पर लगभग 26 बीघा भूमि में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। इसमें डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसादी की व्यवस्था करने के उद्देश्य से आठ बीघा भूमि में विशाल भोजनशाला बनाई गई है।
आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए एलईडी स्क्रीन, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों की व्यवस्था भी की जा रही है। कथा का प्रसारण संस्कार चैनल, बागेश्वर धाम यूट्यूब चैनल, नए पन्ने यूट्यूब चैनल सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।
सुरक्षा में तैनात रहेंगे 1200 पुलिसकर्मी
आयोजन में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रेस नोट के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के लिए बाहर से लगभग 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त करीब 100 बॉडीगार्ड व्यवस्था संभालेंगे। आयोजन समिति के लगभग एक हजार सदस्य श्रद्धालुओं की सहायता और व्यवस्थाओं के संचालन में जुटे रहेंगे।
भीड़ पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा, ताकि आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा सके।
चार अस्थायी पार्किंग बनाई गईं
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए करैरा की बाहरी सीमाओं पर चार अस्थायी पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
– दतिया और झांसी की ओर से आने वाले श्रद्धालु: मंडी के पीछे वाहन पार्क कर सकेंगे।
– शिवपुरी-सिरसौद मार्ग से आने वाले श्रद्धालु: मऊहर कॉलोनी के पास कॉलेज ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
– नरवर-भितरवार की ओर से आने वाले श्रद्धालु: खेरा घाट मोड़ के पास वाहन पार्क कर सकेंगे।
– वीआईपी एवं मीडिया पार्किंग: कथा स्थल से लगभग 500 मीटर दूर आदर्श विद्यालय परिसर में व्यवस्था की गई है।
आयोजन के दौरान यातायात को नियंत्रित रखने के लिए झांसी और शिवपुरी मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित रखने की व्यवस्था भी बताई गई है।



